यह ख़बर 27 फ़रवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

शीर्ष 7 कंपनियों को 38,000 करोड़ का नुकसान

खास बातें

  • 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 7 के बाजार पूंजीकरण में बीते सप्ताह 38,767.51 करोड़ रुपये की कमी आई। सबसे ज्यादा नुकसान में एसबीआई रहा।
Mumbai:

देश की 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 7 के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह 38,767.51 करोड़ रुपये की कमी आई है। सबसे ज्यादा नुकसान में सार्वजनिक क्षेत्र का भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) रहा। सप्ताह के दौरान एसबीआई का बाजार पूंजीकरण 10,883.72 करोड़ रुपये घटकर 1,64,075.07 करोड़ रुपये पर आ गया। इस दौरान एसबीआई का शेयर 6.22 फीसदी की गिरावट के साथ 2,583.90 रुपये पर आ गया। सार्वजनिक क्षेत्र की दो कंपनियों- कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) और एनटीपीसी के बाजार पूंजीकरण में कुल मिलाकर 12,764.46 करोड़ रुपये की कमी आई। जहां सीआईएल का बाजार पूंजीकरण घटकर 1,84,374.55 करोड़ रुपये पर आ गया, वहीं एनटीपीसी का बाजार पूंजीकरण 1,40,543.87 करोड़ रुपये रह गया। तेल एवं गैस क्षेत्र की कंपनी तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) को सप्ताह के दौरान 5,060.87 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ और उसका बाजार पूंजीकरण 1,72,709.65 करोड़ रुपये रह गया। निजी क्षेत्र की दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल को इस दौरान 1,120.27 करोड़ रुपये का नुकसान झेलना पड़ा और उसका बाजार पूंजीकरण 1,25,014.36 करोड़ रुपये रह गया। इसी तरह निजी क्षेत्र के आईसीआईसीआई बैंक का बाजार पूंजीकरण 4,403.79 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 1,13,425.96 करोड़ रुपये रह गया। बीते सप्ताह हालांकि देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) फायदे में रही। साथ ही आईटी कंपनी टीसीएस और एफएमसीजी कंपनी आईटीसी के बाजार पूंजीकरण में भी बढ़ोतरी हुई। आरआईएल का बाजार पूंजीकरण 9,360.92 करोड़ रुपये की बढ़त के साथ 3,16,160. 26 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। टीसीएस के बाजार पूंजीकरण में 4,070.97 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई और यह 2,17,484.06 करोड़ रुपये हो गया। आईटीसी के बाजार पूंजीकरण में 506.86 करोड़ रुपये की बढ़त रही और यह 1,20,574.35 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। बीते सप्ताह बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 510 अंक या 2.8 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,700.91 अंक पर आ गया।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com