खास बातें
- ऊंची महंगाई दर और ईंधन की कीमतों में वृद्धि ने देश के मध्यम आय वर्ग परिवारों को मनोरंजन के खर्चे में दो तिहाई कटौती करने को बाध्य कर दिया है।
नई दिल्ली: ऊंची महंगाई दर और ईंधन की कीमतों में वृद्धि ने देश के मध्यम आय वर्ग के परिवारों को मनोरंजन के खर्चे में दो तिहाई कटौती करने को बाध्य कर दिया है, पर धनी लोगों के खर्चों पर ऊंची मुद्रास्फीति का कोई खास असर नहीं हुआ है। उद्योगमंडल एसोचेम के एक सर्वेक्षण में से निष्कर्ष निकला है। सर्वे पर आधारित एसोचेम की एक विज्ञप्ति में कहा गया है, 'मध्यम आय वर्ग के परिवार शॉपिंग, मनोरंजन और बाहर खाने पर औसतन प्रति माह 4,000 से 6,000 रुपये खर्च किया करते थे।' सर्वे में इस वर्ग के ऐसे खर्चे में दो तिहाई तक की कमी आई है। यह गिरावट ऐसे समय में आई है जबकि फरवरी 2011 में सकल मुद्रास्फीति 8.31 प्रतिशत थी। खाद्य वस्तुओं के थोक मूल्यों पर अधारित मुद्रास्फीति भी काफी समय से ऊंची चल रही है। हाल में इसमें नरमी आई है। इसके बाद भी 19 मार्च को समाप्त सप्ताह में यह 9.5 प्रतिशत थी। इस बीच, पश्चिम एशिया और उत्तरी अफ्रीका क्षेत्र में राजनीतिक उथल-पुथल के कारण कच्चे तेल की कीमतें चढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर हो गई हैं। यह सर्वेक्षण दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई जैसे प्रमुख शहरों में किया गया जहां जनवरी से मार्च के दौरान के हर शहर के 500 से अधिक कर्मचारियों से संपर्क किया गया।