Stock Markets News : शेयर बाजारों में फ्लैट कारोबार. (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुंबई: सोमवार को पिछले सात महीनों का सबसे निचला स्तर देखने के बाद घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को भी बाजार में सतर्कता दिखी. आज दोनों बेंचमार्क इंडेक्स फ्लैट खुले. सुबह 9.48 पर बीएसई सेंसेक्स 52,783.66 के स्तर पर था. इसमें 59.09 अंकों या 0.11% की गिरावट दर्ज हो रही थी. वहीं, एनएसई निफ्टी 30.30 अंकों या 0.19% की गिरावट के साथ 15,832.85 के स्तर पर था.
अगर ओपनिंग के नंबरों को देखें तो सुबह सेंसेक्स 107 अंकों या 0.20% की गिरावट लेकर 52,736 पर खुला. वहीं, निफ्टी 35 अंकों या 0.22% गिरकर 15,828 पर था.
ओपनिंग में निफ्टी पर ONGC, पावरग्रिड, HCL टेक और NTPC लाभ में रहे. वहीं, हिंडाल्को, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, HDFC बैंक और हीरो मोटकॉर्प गिरावट दर्ज कर रहे थे.
एशियाई बाजारों की भी ऐसी ही हालत रही. एशिया पैसिफिक शेयरों में 0.4 फीसदी की गिरावट आई. जापान का निक्केई 0.3 फीसदी गिर गया. ऑस्ट्रेलियाई शेयर भी 0.24 फीसदी तक गिर गए. हालांकि, हॉन्ग कॉन्ग के हांग सेंग इंडेक्स में 0.39% की तेजी दर्ज हुई.
अगर पिछले कारोबार की बात करें तो रूस-यूक्रेन संघर्ष के बीच कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और वैश्विक बाजारों में बिकवाली से सोमवार का दिन घरेलू शेयर बाजारों के लिए काफी नुकसानदेह साबित हुआ और सेंसेक्स में 1,491 अंक की भारी गिरावट आई, जबकि निफ्टी 16,000 अंक के स्तर से नीचे आ गया.
कारोबारियों ने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये में बड़ी गिरावट आने के साथ ही विदेशी कोषों की भारतीय बाजार से निकासी जारी रहने से भी बाजार में अफरातफरी का माहौल बना. कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1,491.06 अंक यानी 2.74 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 52,842.75 अंक पर बंद हुआ. निफ्टी भी 382.20 अंक यानी 2.35 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 15,863.15 अंक के स्तर पर बंद हुआ था.