खास बातें
- भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा दरों में वृद्धि करने के बावजूद बेहतर वैश्विक रुझानों के कारण भारतीय बाजारों में सप्ताहभर के कारोबार में मामूली तेजी दर्ज की गई।
मुम्बई: भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा 12वीं बार मुख्य दरों में वृद्धि करने के बावजूद बेहतर वैश्विक रुझानों के कारण भारतीय शेयर बाजारों में सप्ताह भर के कारोबार में मामूली तेजी दर्ज की गई। बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स इस सप्ताह 0.4 फीसदी या 66.66 अंकों की तेजी के साथ 16,933.83 पर बंद हुआ। सेंसेक्स पिछले शुक्रवार को 16,866.97 पर बंद हुआ था। औद्योगिक विकास के खराब आंकड़ों के कारण सप्ताह के पहले कारोबारी दिवस सोमवार को सेंसेक्स में 365 अंक की गिरावट दर्ज की गई। अगले दिन हालांकि सेंसेक्स 283 अंकों की तेजी बनाकर बंद हुआ। जुलाई महीने में औद्योगिक विकास की दर 3.3 फीसदी दर्ज की गई, जो 21 महीनों में न्यूनतम है। शुक्रवार को रिजर्व बैंक द्वारा मुख्य दरों में 25 आधार अंकों की वृद्धि करने के बाद बाजार में उतार चढ़ाव देखा गया। सेंसेक्स शुक्रवार को 57 अंकों की तेजी के साथ बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी भी इस सप्ताह तेजी में बंद हुआ। निफ्टी शुक्रवार को 0.17 फीसदी तेजी के साथ 5,084.25 पर बंद हुआ। रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को मुख्य दरों में 25 आधार अंकों की वृद्धि कर दी। महंगाई को कम करने की कोशिश के तहत रिजर्व बैंक ने मार्च 2010 के बाद से लगातार 12 बार मुख्य दरों में वृद्धि की है। रिजर्व बैंक की घोषणा के बाद केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने शुक्रवार को कहा कि इससे महंगाई दर को सुविधाजनक स्तर पर लाने में मदद मिलेगी। सेंसेक्स में शुक्रवार को बढ़त बनाने वाले शेयरों में प्रमुख रहे टाटा मोटर्स (7.02 फीसदी), ओएनजीसी (5.61 फीसदी), एनटीपीसी (4.75 फीसदी) और एसबीआई (2.5 फीसदी)। सेंसेक्स में गिरावट वाले शेयरों में प्रमुख रहे हिंदुस्तान युनिलीवर (2.65 फीसदी), विप्रो (2.37 फीसदी), भेल (1.39 फीसदी) और टाटा स्टील (1.3 फीसदी)। विश्व के अधिकतर शेयर बाजारों में इस अवधि में इस उम्मीद में तेजी रही कि युरोप के शक्तिशाली देश यूरोपीय कर्ज संकट को दूर करने के लिए कुछ बेहतर उपाय लेकर आएंगे। एशियाई बाजारों में जापान का निक्के ई 2.25 फीसदी तेजी के साथ 8,864.16 पर, हांगकांग को हैंगसैंग 1.43 फीसदी तेजी के साथ 19,455.31 पर बंद हुआ। चीन का शंघाई कम्पोजिट 0.13 फीसदी तेजी के साथ 2,482.34 पर बंद हुआ। यूरोप और अमेरिका के बाजारों में भी शुक्रवार को तेजी रही। शुक्रवार को ब्रिटेन का एफटीएसई100 0.58 फीसदी तेजी के साथ 5,368.41 पर, जर्मनी का डीएएक्स 1.18 फीसदी तेजी के साथ 5,573.51 पर, जबकि फ्रांस का सीएसी 40 कुल 0.48 फीसदी गिरावट के साथ 3,031.08 पर बंद हुआ। अमेरिका का डाऊ जोंस 0.66 फीसदी तेजी के साथ 11,509.10 पर बंद हुआ। डाऊ जोंस में इस सप्ताह 500 अंकों की तेजी रही। एसएंडपी500 शुक्रवार को 0.57 फीसदी तेजी के साथ 1,216.01 पर बंद हुआ।