यह ख़बर 16 सितंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

बाजार में तेजी जारी, सेंसेक्स 57 अंक चढ़ा

खास बातें

  • उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 57 अंक लाभ के साथ बंद हुआ। यह लगातार तीसरा दिन है जब बाजार में तेजी दर्ज की गई।
मुंबई:

अंतरराष्ट्रीय बाजारों के मजबूत रुख से स्थानीय शेयर बाजारों में तेजी दर्ज की गई और उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 57 अंक लाभ के साथ बंद हुआ। यह लगातार तीसरा दिन है जब बाजार में तेजी दर्ज की गई है। हालांकि, शुरू में इसमें ज्यादा तेजी दर्ज की गई थी लेकिन यह बाद में कायम नहीं रह सकी। रिजर्व बैंक द्वारा नीतिगत दरों में उम्मीद के अनुरूप वृद्धि का भी बाजार पर असर पड़ा। सुबह 30 शेयरों वाला सेंसेक्स मजबूती के साथ 17,047.73 अंक पर खुला और उम्मीद के अनुरूप रिजर्व बैंक की नीतिगत ब्याज दरों में 0.25 प्रतिशत की वृद्धि से एक समय सेंसेक्स 17,122.54 अंक तक चला गया था बहरहाल, अंत में यह 57.29 अंक या 0.34 प्रतिशत लाभ के साथ 16,933.83 अंक पर बंद हुआ। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 8.55 अंक या 0.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,84.25 अंक पर बंद हुआ। रिजर्व बैंक मुद्रास्फीति पर अंकुश लगाने के लिए पिछले वर्ष मार्च से नीतिगत ब्याज दरों में 11 बार वृद्धि कर चुका है। हालांकि इसके कारण अब आर्थिक तथा औद्योगिक वृद्धि दर धीमी होने लगी है। उच्च ब्याज दर के कारण कंपनियों की आय के साथ शेयर बाजार में पूंजी प्रवाह पर असर पड़ा है। बिजली, रियल्टी, वाहन तथा सार्वजनिक कंपनियों के शेयरों में लिवाली देखी गई जबकि एफएमसीजी, आईटी तथा प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में मुनाफा वसूली हुई। बोनांजा कैपिटल की वरिष्ठ शोध विश्लेषक शानू गोयल ने कहा, रिजर्व बैंक द्वारा रेपो दर में 0.25 प्रतिशत की वृद्धि से बाजार में कुछ प्रतिक्रिया देखने को मिली है। उन्होंने कहा कि अब बाजार पर वैश्विक गतिविधियों का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com