खास बातें
- विमानन कम्पनी किंगफिशर एयरलाइंस ने मंगलवार को कई शहरों की उड़ानें रद्द कर दी और कर्मचारियों से कहा कि नई पूंजी जुटाए जाने तक वे घर बैठें।
नई दिल्ली: विमानन कम्पनी किंगफिशर एयरलाइंस ने मंगलवार को कई शहरों की उड़ानें रद्द कर दी और कर्मचारियों से कहा कि नई पूंजी जुटाए जाने तक वे घर बैठें।
कम्पनी ने एक बयान में कहा कि वह प्रत्यक्ष विदेशी निवेश नीति, संचालन पूंजी जुटाने जैसे मुद्दों पर सरकार और बैंकों के समूह से कई फैसले का इंतजार कर रही है।
बड़ी संख्या में कर्मचारियों की छंटनी के अफवाह पर कम्पनी ने कहा, "इन सभी बातों का कर्मचारियों से सम्बंधित फैसलों पर महत्वपूर्ण असर होगा।"
कम्पनी ने हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया कि किन शहरों की उड़ानें रद्द की गई हैं।
कम्पनी ने कहा कि महानगरों को जोड़ने वाली तथा उन मार्गो पर जहां किंगफिशर अकेली सेवा प्रदाता है, कुछ उड़ानों को बरकरार रखा गया है।
कम्पनी ने कहा कि इसने गर्मी के महीने की शुरुआत 20 विमानों के साथ रोजाना 120 उड़ानों से की है।
विमानन कम्पनी अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें पहले ही रद्द कर चुकी है।
सरकार ने पिछले सप्ताह कहा था कि विमानन कम्पनी की संचालन क्षमता और सुरक्षा पर उड्डयन नियामक की रिपोर्ट आने के बाद यदि कम्पनी पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, तो सरकार कम्पनी के बचाव में सामने नहीं आएगी।
कम्पनी पर 7,057.08 करोड़ रुपये का कर्ज है।
कम्पनी ने कहा कि उसने स्रोत पर कर कटौती (टीडीएस) के रूप में 44 करोड़ रुपये बकाए का भुगतान कर दिया है। इसकी समय सीमा 27 मार्च थी।