खास बातें
- सार्वजनिक क्षेत्र के ग्रामीण विद्युतीकरण निगम ने कहा है कि वह मौजूदा वित्तवर्ष 2012-13 में 30,000 करोड़ रुपये जुटाएगा। इसके तहत वह लगभग 5,600 करोड़ रुपये विदेशी परिवर्तनीय बांड के जरिए जुटाएगा।
नई दिल्ली: सार्वजनिक क्षेत्र के ग्रामीण विद्युतीकरण निगम (आरईसी) ने कहा है कि वह मौजूदा वित्तवर्ष 2012-13 में 30,000 करोड़ रुपये जुटाएगा। इसके तहत वह लगभग 5,600 करोड़ रुपये विदेशी परिवर्तनीय बांड के जरिए जुटाएगा। निगम के चेयरमैन व प्रबंध निदेशक राजीव शर्मा ने संवाददाताओं को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा, कि मौजूदा वित्तवर्ष के लिए हमारा लक्ष्य 30,000 करोड़ रुपये का है और यह राशि ईसीबी, एफसीसीबी तथा ढांचागत बांडों के जरिए जुटाई जाएगी। निगम बाह्य वाणिज्यिक उधारी (ईसीबी) के जरिए 75 करोड़ डॉलर (लगभग 4,200 करोड़ रुपये) जुटाएगा। इसके अलावा वह विदेशी मुद्रा परिवर्तनीय बांड (एफसीसीबी) के जरिए एक अरब डॉलर जुटाएगी।
शर्मा ने कहा कि ईसीबी तथा एफसीसीबी के जरिए धन जुटाना सरकार की मंजूरी पर निर्भर करता है। कंपनी ने अपना प्रस्ताव बिजली मंत्रालय को सौंप दिया है, जो इस बारे में कैबिनेट नोट जारी करेगी। उन्होंने कहा कि निगम ने अपना प्रस्ताव पेश कर दिया है, अब फैसला बिजली मंत्रालय को करना है।
सरकार की आरईसी में 66.8 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इस बीच, निगम के वित्त निदेशक एचडी खुंटेटा ने कहा है कि प्रस्तावित एफसीसीबी की सारी राशि कंपनी को आनी चाहिए। निगम का शुद्ध लाभ 31 मार्च, 2012 को समाप्त तिमाही में लगभ नौ प्रतिशत बढऋकर 763 करोड़ रुपये हो गया।