यह ख़बर 03 मार्च, 2011 को प्रकाशित हुई थी

खाद्य मुद्रास्फीति घटकर 10.39 प्रतिशत पर आई

खास बातें

  • प्याज, आलू व दालों की कीमतों में नरमी आने से 19 फरवरी को समाप्त हुए सप्ताह में खाद्य वस्तुओं की मुद्रास्फीति घटकर 10.39 प्रतिशत पर आ गई।
नई दिल्ली:

प्याज, आलू और दालों की कीमतों में नरमी आने से 19 फरवरी को समाप्त हुए सप्ताह में खाद्य वस्तुओं की मुद्रास्फीति घटकर 10.39 प्रतिशत पर आ गई।  समीक्षाधीन सप्ताह में हालांकि फल, दूध और सब्जियों की कीमतों में तेजी बनी रही। इससे पिछले सप्ताह खाद्य मुद्रास्फीति 11.49 प्रतिशत पर थी, जबकि बीते साल 19 फरवरी को समाप्त हुए सप्ताह में यह 21.62 प्रतिशत पर पहुंच गई थी। सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, समीक्षाधीन सप्ताह में आलू के दाम में 12.66 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि दालों की कीमतों में 5.02 प्रतिशत, प्याज में 3.64 प्रतिशत और गेहूं की कीमत में 2.06 प्रतिशत की नरमी आई। बीते साल की इसी अवधि के मुकाबले समीक्षाधीन अवधि में हालांकि, फलों के दाम 16.34 प्रतिशत, अंडा, मीट और मछली के दाम 14.5 प्रतिशत, सब्जियों के दाम 14.29 प्रतिशत और दूध के दाम में 11.07 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। विशेषज्ञों की मानें तो कुछ निश्चित खाद्य वस्तुओं की कीमतों में नरमी के रुख का फरवरी में संपूर्ण मुद्रास्फीति पर असर देखने को मिल सकता है। जनवरी में संपूर्ण मुद्रास्फीति 8.23 प्रतिशत रही।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com