खास बातें
- इंडिगो ने टैक्स सहित महज 888 रुपये में टिकट की घोषणा की
- इस ऑफर के तहत 8 अक्टूबर तक टिकट बुक कर सकेंगे
- अगले साल 13 अप्रैल की यात्रा टिकटों पर यह ऑफर लागू होगा
नई दिल्ली: इंडिगो एयरलाइन्स ने त्योहारी सेल में जुड़ते हुए विमान किरायों में जबरस्त छूट की घोषणा की है. कंपनी कुछ चुनिंदा घरेलू रूटों पर एक तरफ का टिकट महज 888 रुपये में देगी और इसी में सारे टैक्स भी शामिल होंगे.
इंडिगो के इस ऑफर के तहत टिकटों की बुकिंग 8 अक्टूबर तक खुली रहेगी और अगले साल 13 अप्रेल तक की टिकटों पर इसका लाभ ले सकते हैं.
एयरलाइन्स के मुताबिक, यह ऑफर सीमित सीटों के लिए है और इसमें खरीदे गए टिकटों पर कोई रिफंड नहीं मिलेगा. हालांकि कंपनी ने इस ऑफर के अंदर आने वाली सीटों की संख्या की घोषणा नहीं की है.
इंडिगो की साइट पर इस ऑफर के तहत अगले साल जनवरी के लिए दिल्ली-जयपुर रूट की टिकट 888 रुपये में उपलब्ध है. वहीं दिल्ली-मुंबई रूट पर इकॉनमी क्लास का इस महीने के आखिर का टिकट 2,152 में मिल रहा है, जबकि अभी इसी टिकट की कीमत 5,642 रुपये है.
गौरतलब है कि इस त्योहारी सीजन में विस्तारा, स्पाइसजेट, एयरएशिया इंडिया और जेट एयरवेज़ जैसी एयरलाइन्स ने भी सस्ते टिकट का ऑफर पेश किया है. इसके तहत अगले साल अप्रैल तक की टिकटों पर छूट दी गई है.