खास बातें
- एचएसबीसी ने वित्तवर्ष 2013 के लिए अपने अनुमान में कहा है कि 2013 में भारत की आर्थिक वृद्धि दर 6.2 प्रतिशत रहेगी। बैंक ने पहले इसके 7.5 प्रतिशत वृद्धि की संभावना व्यक्त की थी।
नई दिल्ली: वैश्विक बैंक एचएसबीसी ने मौजूदा वित्तवर्ष के भारत की जीडीपी वृद्धि दर के अनुमान को 7.5 प्रतिशत से घटाकर 6.2 प्रतिशत कर दिया है। एचएसबीसी ने वित्तवर्ष 2013 के लिए अपने अनुमान में कहा है कि 2013 में भारत की आर्थिक वृद्धि दर 6.2 प्रतिशत रहेगी। बैंक ने पहले इसके 7.5 प्रतिशत वृद्धि की संभावना व्यक्त की थी।
इसका अनुमान है कि 2014 में वृद्धि दर सुधर कर 7.4 प्रतिशत होगी। पूर्व में बैंक ने 2014 के लिए 8.2 प्रतिशत का अनुमान लगाया था। एचएसबीसी के अर्थशास्त्री लेइफ एस्केसेन ने एक रिपोर्ट में कहा है कि साल की शुरुआत नरम रही है।
आपूर्ति पक्ष में सुधार की प्रगति उम्मीद से कम है, जिसको देखते हमने वृद्धि दर संबंधी अपने पहले के अनुमान में कमी की है। इस रिपोर्ट में भी भारत में प्रशासनिक बाधाओं व घरेलू नीतिगत मोर्चे पर लाचारी का ज्रिक किया गया है। इसमें कहा गया है कि इनके चलते निवेश रुका रहेगा।
रिपोर्ट में निष्कर्ष निकाला गया है कि आने वाली तिमाहियों में भारत की सालाना और क्रमिक वृद्धि काफी सामान्य रहेगी। इसमें कहा गया है कि मौजूदा वित्तवर्ष की दूसरी छमाही में वृद्धि दर में हल्का सुधार दिख सकता है।