यह ख़बर 23 जनवरी, 2013 को प्रकाशित हुई थी

कर दायरा और राजस्व बढ़ाने पर होगा जोर : वित्तमंत्री

खास बातें

  • वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने विदेशी निवेशकों को देश की राजकोषीय मजबूती के प्रति आश्वस्त करते हुए कहा कि कर दायरा बढ़ाने और राजस्व वृद्धि की उनकी कोशिशें जारी रहेंगी।
सिंगापुर:

वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने विदेशी निवेशकों को देश की राजकोषीय मजबूती के प्रति आश्वस्त करते हुए कहा कि कर दायरा बढ़ाने और राजस्व वृद्धि की उनकी कोशिशें जारी रहेंगी।

चिदंबरम ने पूर्वी एशिया की यात्रा के दूसरे दौर में शहर के करीब 300 निवेशकों को भारत में निवेश संभावनाओं के बारे में बताते हुए कहा कि 2015-16 से भारत की वृद्धि दर करीब आठ फीसदी होगी।

डीबीएस बैंक के महाप्रबंधक और मुख्य कार्यकारी संजीव भसीन ने चिदंबरम के हवाले से कहा, कर का दायरा बढ़ाने की कोशिश जारी रहेगी... ताकि सकल घरेलू उत्पाद के समक्ष कर संग्रह बढ़ाया जा सके। मंत्री ने कहा कि सरकार अगले तीन से चार साल में राजकोषीय घाटा सकल घरेलू उत्पाद के तीन फीसदी के बराबर लाने की पहल कर रही है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

चिदंबरम ने हांगकांग में निवेशकों को कहा था कि वह चालू वित्तवर्ष में राजकोषीय घाटे को सकल घरेलू उत्पाद के 5.3 फीसदी के दायरे में रखने और 2013-14 तक इसे घटाकर 4.8 फीसदी करने के लिए प्रतिबद्ध है। चिदंबरम ने कहा कि 2012-13 में वृद्धि 5.7 फीसदी से कम नहीं रहेगी और अगले वित्तवर्ष में यह करीब छह से सात फीसदी रहेगी। भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 2011-12 में 6.5 फीसदी रही थी। इस बैठक में भाग लेने वाले निवेशकों के मुताबिक मंत्री ने कहा कि भारत सरकार अर्थव्यवस्था को लीक पर लाने की कोशिश कर रही है।