यह ख़बर 02 जून, 2012 को प्रकाशित हुई थी

सोने ने किया 30,000 रुपये का स्तर पार

खास बातें

  • विदेश में मजबूत रुझान के मद्देनजर स्टॉकिस्टों और खुदरा खरीदारों की भारी लिवाली के मद्देनजर सोने की कीमत शनिवार को पहली बार 30,000 रुपये के स्तर को पार कर गई।
नई दि्ल्ली:

विदेश में मजबूत रुझान के मद्देनजर स्टॉकिस्टों और खुदरा खरीदारों की भारी लिवाली के मद्देनजर सोने की कीमत शनिवार को पहली बार 30,000 रुपये के स्तर को पार कर गई। वैश्विक वित्तीय अनिश्चितता के बीच सोने में निवेश को सुरक्षित माना जा रहा है। वैश्विक रुझान के अनुरूप सोने की कीमत 960 रुपये चढ़कर 30,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। वैश्विक स्तर पर पिछले 10 महीने में सोने में सबसे अधिक बढ़ोतरी हुई।

कारोबारियों ने कहा कि 99.9 फीसदी और 99.5 फीसदी शुद्धता वाले सोने की कीमत 960-960 रुपये चढ़कर क्रमश: 30,300 और 30,160 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि अमेरिका में रोजगार में बढ़ोतरी कम होने और यूरो क्षेत्र में ऋण संकट गहराने के कारण सोने की मांग बढ़ी।

उन्होंने कहा कि निवेशकों की ओर से मांग में बढ़ोतरी से कारोबारी रुझान बढ़ा। न्यूयॉर्क में सोने की कीमत 4.24 फीसदी बढ़कर 1,626.30 डॉलर प्रति औंस हो गई। आम तौर पर वैश्विक बाजारों में सोने की कीमत से घरेलू बाजारों का रुझान तय होता है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

स्थानीय सर्राफा बाजार में चांदी भी 650 रुपये बढ़कर 54,550 रुपये प्रति किलो पर पहंच गई। न्यूयॉर्क में चांदी की कीमत 3.5 फीसदी बढ़कर 28.68 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। यह पिछले दो सप्ताह की सबसे तेज बढ़ोतरी है। तैयार चांदी 650 रुपये चढ़कर 54,550 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई, जबकि साप्ताहिक डिलिवरी वाली चांदी 880 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 54,510 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। चांदी सिक्के की कीमत 1,000 रुपये बढ़कर 65,000 रुपये (लिवाल) और 66,000 रुपये (बिकवाल) हो गई।