खास बातें
- भारत ने इज्राइली वेबसाइट पर छपी उस खबर को कयास पर आधारित बताया जिसमें कहा गया है कि वह ईरान से तेल खरीदने के एवज में भुगतान सोने के माध्यम करेगा।
नई दिल्ली: भारत ने इज्राइली वेबसाइट पर छपी उस खबर को कयास पर आधारित बताया जिसमें कहा गया है कि वह ईरान से तेल खरीदने के एवज में भुगतान सोने के माध्यम करेगा।
वेबसाइट डेबका डॉट कॉम ने इस साल 23 जनवरी को एक विशेष रपट में एक ईरानी सूत्र के हवाले से लिखा था कि भारत पहला देश है जो ईरान से खरीदे जाने वाले तेल के मूल्य के रूप में सोने का भुगतान करेगा न कि अमेरिकी डॉलर का।
केंद्र सरकार के अधिकारी ने यहां इस खबर को कयास पर आधारित बताते हुए कहा कि इस पर प्रतिक्रिया नहीं दी जा सकती है।
उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह भारतीय अधिकारियों के एक दल ने ईरान की यात्रा की थी और इसके तुरंत बाद इस रपट को वेबसाइट पर प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि भारत के बाद चीन भी ऐसा ही कदम उठाएगा। रपट के मुताबिक दोनों देश ईरान से रोजाना 10 लाख बैरल तेल की खरीददारी करते हैं, जो उसके रोजाना के कुल 25 लाख बैरल तेल निर्यात का 40 फीसदी है।
उल्लेखनीय है कि यूरोपीय संघ ने सोमवार को ईरान से तेल के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया। इसके साथ ही कई और आर्थिक प्रतिबंध भी लगाए गए।