खास बातें
- इन गाड़ियों का निर्माण 2005 से 2013 के दौरान किया गया है और इनमें धुआं उत्सर्जन प्रणाली में प्रदूषण नियंत्रण मानकों के अनुसार कुछ कमियां पाई गई है।
नई दिल्ली: जनरल मोटर्स इंडिया ने 1.14 लाख टवेरा गाड़ियां वापस मंगाई हैं। इन बहुउद्देश्यीय वाहनों का निर्माण 2005 से 2013 के दौरान किया गया है और इनमें धुआं उत्सर्जन प्रणाली में प्रदूषण नियंत्रण मानकों के अनुसार कुछ कमियां पाई गई है। कंपनी उन्हें मुफ्त में ठीक कर वापस करेगी।
कंपनी ने एक विज्ञप्ति में बताया कि भारतीय अधिकारियों ने टवेरा बीएस3 और टवेरा बीएसआई5 की गाड़ियों में उत्सर्जन मानकों के अनुसार खामी के बारे में सूचित किया था।
कंपनी ने कहा है, जनरल मोटर्स (जीएमआई) 2005 से 2013 के दौरान निर्मित शेवरले टवेरा बीएस3 (2.5 लिटर वैरियंट) और बीएस4 (2.0 लिटर) गाड़ियों को खुद वापस मंगा रही है, ताकि इनमें उत्सर्जन और निर्देश संबंधी समस्याओं का समाधान किया जा सके। कंपनी ने कहा कि उसकी 1,14,000 गाड़ियों को कंपनी के 280 डीलरों के माध्यम से मुफ्त में सुधार के बाद गाड़ी मालिकों को वापस कर दिया जाएगा।
कंपनी ने 4 जून से टवेरा बीएस3 और 2 जुलाई से बीएसआई5 गाड़ियों का उत्पादन और इसकी बिक्री बंद कर दी थी। उसने कहा है कि यह मामला सुरक्षा का नहीं है।