खास बातें
- सरकार ने सोमवार को कहा कि वह वायदा बाजार में जिंसों की कीमत में उतार-चढ़ाव रोकने के उपायों के बारे में सुझाव देने के लिए एक सप्ताह के भीतर समिति गठित करेगी।
मुंबई: सरकार ने सोमवार को कहा कि वह वायदा बाजार में जिंसों की कीमत में उतार-चढ़ाव रोकने के उपायों के बारे में सुझाव देने के लिए एक सप्ताह के भीतर समिति गठित करेगी।
मुंबई में एक सेमिनार में खाद्य मंत्री केवी थामस ने कहा, ‘‘हम नियामक वायदा बाजार आयोग (एफएमसी) के साथ बातचीत कर रहे हैं और एक सप्ताह के भीतर सलाहकार समिति गठित करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि समिति से वायदा बाजार में कीमतों में उतार-चढ़ाव रोकने में मदद मिलेगी। इसमें किसान, उद्योग तथा मीडिया के लोग शामिल होंगे।
कुछ कृषि जिंसों खासकर ग्वारसीड की कीमत में हाल में आये उतार-चढ़ाव के मद्देनजर समिति गठित करने का निर्णय किया गया है। प्रस्तावित वायदा अनुबंध नियमन अधिनियम (एफसीआरए) संशोधन विधेयक के बारे में मंत्री ने कहा कि विचार के लिये विधेयक मंत्रिमंडल के समक्ष रखा गया है।
थामस ने कहा कि संसद के मानसून सत्र के दौरान इसके पारित होने की उम्मीद है। एफसीआर विधेयक का उद्देश्य नियामक एफएमसी को वित्तीय स्वायत्ता के जरिये मजबूत बनाकर जिंस वायदा बाजार का विकास करना है। इसमें संस्थागत निवेशकों के भी प्रवेश का रास्ता आसान करने तथा व्यापार के लिये नये उत्पादों को शामिल करने का प्रस्ताव है। देश में फिलहाल 16 क्षेत्रीय तथा पांच राष्ट्रीय स्तर के जिंस बाजार हैं।