यह ख़बर 08 जून, 2012 को प्रकाशित हुई थी

डीजल कर से निवेश में अनिश्चितता पैदा होगी : फोर्ड इंडिया

खास बातें

  • फोर्ड इंडिया ने कहा कि भारत में डीजल वाहनों पर अतिरिक्त कर लगाने के प्रस्ताव से देश में भावी निवेश के संबंध में अनिश्चितता का माहौल पैदा होगा।
नई दिल्ली:

फोर्ड इंडिया ने कहा कि भारत में डीजल वाहनों पर अतिरिक्त कर लगाने के प्रस्ताव से देश में भावी निवेश के संबंध में अनिश्चितता का माहौल पैदा होगा।

पिछले साल साणंद में एक नई विनिर्माण इकाई के लिए एक अरब डॉलर और चेन्नई में डीजल इंजन उत्पाद पर 7.2 करोड़ डॉलर का निवेश करने की घोषणा करने वाली कंपनी ने कहा कि आगे बढ़ने पहले अब उसे इन योजनाओं का पुन:आकलन करना होगा।

फोर्ड इंडिया के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक माइकेल बोनहैम ने कहा, ‘‘बाजार की मौजूदा स्थिति के मद्देनजर डीजल वाहनों पर किसी भी तरह के अतिरिक्त कर से नकारात्मक असर होगा। ऐसी पहलों से भावी निवेश के संबंध में अनिश्चितता पैदा होगी।’’ यह पूछने पर कि क्या डीजल वाहनों पर अतिरिक्त शुल्क लगाने का मौजूदा निवेश पर असर होगा उन्होंने कहा, ‘‘नहीं, लेकिन हम मौजूदा निवेश का आकलन करेंगे। ये निवेश बाजार की स्थितियों के बारे में एक अलग तरह की धारणा के आधार पर किए गए थे। यदि हालात बदलते हैं तो हमें देखना होगा कि हम किस तरह की क्षमता पैदा कर रहे हैं।’’ साणंद में नए संयंत्र के जरिए सालाना 2.40 लाख वाहन और 2.7 लाख इंजनों का विनिर्माण किया जाना था। इसमें 5,000 लोगों को रोजगार के अवसर मिलते।

चेन्नई संयंत्र में 7.2 करोड़ डॉलर के निवेश से फोर्ड इंडिया इस साल के अंत तक सालाना और 80,000 इंजन की विनिर्माण क्षमता स्थापित करना चाह रही थी। इससे वहां की क्षमता 3.30 लाख इंजन सालाना की हो जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि फोर्ड भारत में लंबे समय के लिए आई है लेकिन नई परिस्थिति के मद्देनजर मुझे मुख्यालय जाकर इन निवेशों के बारे में बताना होगा।’ बोनहैम ने कहा, भारत में कार बाजार संघर्ष की स्थिति में है क्योंकि पेट्रोल कारों की बिक्री घट रही है और डीजल कारों पर उत्पाद शुल्क में किसी भी किस्म की बढ़ोतरी से एक और झटका मिलेगा।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने कहा, माना जाता है कि डीजल वाहनों के लिए लम्बा इंतजार करना पड़ता है लेकिन अब ऐसे हालात नहीं हैं। एक-दो माडेल को छोड़कर बाकी डीजल गाड़ियां आसानी से उपलब्ध हैं। हम फिलहाल अपनी पूरी क्षमता का उपयोग नहीं कर रहे हैं।’’