यह ख़बर 29 सितंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

यूरोप की चिंताओं के कारण अमेरिकी बाजार में गिरावट

खास बातें

  • लगातार तीन कारोबारी सत्रों में बढ़त दर्ज करने के बाद बुधवार को अमेरिकी बाजार में यूरोपीय कर्ज संकट से सम्बंधित गतिविधियों में अनिश्चितता के कारण गिरावट दर्ज की गई।
न्यूयार्क:

लगातार तीन कारोबारी सत्रों में बढ़त दर्ज करने के बाद बुधवार को अमेरिकी बाजार में यूरोपीय कर्ज संकट से सम्बंधित गतिविधियों में अनिश्चितता के कारण गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को फिनलैंड की संसद ने यूरोजोन राहत कोष में बदलाव करने के पक्ष में मतदान किया, जिससे निवेशकों में यह आशा जगी कि कर्ज संकट से बेहतर तरीके से निपटने के लिए राहत का आकार बढ़ाया जा सकता है। इसके बाद जर्मन को इसपर मतदान करना है। साथ ही यूरो जोन के सभी 17 देशों को इस पर मतदान करना है। यूरोपीय संघ ने बुधवार को यह घोषणा की कि यूरोपीय संघ, यूरोपीय केंद्रीय बैंक और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष का एक संयुक्त दल गुरुवार को ग्रीस जाएगा, जो वहां यह देखेगा कि खर्च घटाने की योजना पर ग्रीस में क्या प्रगति हुई है। साथ ही यूरोजोन के वित्त मंत्री अक्टूबर में ग्रीस के कर्ज संकट पर चर्चा करने के लिए एक बैठक करेंगे। क्षेत्र से आ रही सकारात्मक सूचनाओं के बावजूद यह अनुमान पूरी तरह नहीं लगाया जा सकता कि क्या ग्रीस का संकट टल भी सकता है या नहीं, क्योंकि यूरोजोन के सदस्य देशों में काफी मतभेद हैं। उधर अमेरिका के ताजा आंकड़ों का असर भी बाजार के लिए नकारात्मक रहा। वाणिज्य विभाग ने कहा कि उपभोक्ता टिकाऊ वस्तु का ऑर्डर 0.1 फीसदी घटकर 201.8 अरब डॉलर पर आ गया है, जिसका मतलब यह लगाया गया कि कारोबारी गतिविधियां अभी भी कम हैं। अमेरिकी शेयर बाजारों में डाऊ जोंस 1.61 फीसदी की गिरावट के साथ 11,010.90 पर, एसएंडपी500 2.07 फीसदी की गिरावट के साथ 1,151.06 पर और नास्डाक 2.17 फीसदी की गिरावट के साथ 2,491.58 पर बंद हुआ।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com