खास बातें
- क्वोलकॉम ने कहा कि पिछले साल उसके द्वारा खरीदे गए ब्रॉडबैंड स्पेक्ट्रम का उपयोग करने के लिए इंटरनेट सेवा लाइसेंस के उसके आवेदन को डॉट ने खारिज कर दिया।
नई दिल्ली: स्वीडन की दूरसंचार उपकरण निर्माता कम्पनी क्वोलकॉम ने गुरुवार को कहा कि पिछले साल उसके द्वारा खरीदे गए ब्रॉडबैंड स्पेक्ट्रम का उपयोग करने के लिए इंटरनेट सेवा लाइसेंस के उसके आवेदन को दूरसंचार विभाग (डॉट) ने खारिज कर दिया। पिछले साल ब्रॉडबैंड वायरलेस एक्सेस (बीडब्ल्यूए) की नीलामी में क्वोलकॉम ने दिल्ली, मुम्बई, हरियाणा और केरल सर्किल के लाइसेंस हासिल करने के लिए एक अरब डॉलर का भुगतान किया था। क्वोलकॉम ने एक बयान जारी कर कहा, "हमें 21 सितम्बर 2011 को डॉट से सूचना मिली जिसमें हमारी भारतीय साझेदारी कम्पनियों को लाइसेंस देने से इंकार करने के लिए जिन कारणों को बताया गया, वह हमारी दृष्टि से बेबुनियाद है।" कम्पनी ने कहा कि उसने सारी प्रक्रियाओं का पालन किया था। वह भारतीय अधिकारियों से मुद्दे को सुलझाने के लिए बात जारी रखेगी। इस माह के शुरू में डॉट ने कहा था कि क्वोलकॉम ने समय सीमा के भीतर आवेदन नहीं किया है और वह इस मामले को देख रहा है। कम्पनी ने हालांकि आईएएनएस को भेजे एक ईमेल में कहा कि उसने डॉट के सभी सवालों का समय से जवाब दिया है। कम्पनी ने कहा, "हमसे जब भी पूछ गया, हमने समय से जवाब दिया। हमने इसके अलावा भी लाइसेंस प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए कई बार डॉट को याद दिलाई।"