खास बातें
- सोमवार देर रात तक डीडीए की वेबसाइट पर ड्रॉ के परिणाम अपलोड किए जा सकते हैं। ड्रॉ के परिणाम अखबारों में भी प्रकाशित किए जाएंगे।
New Delhi: दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा 16 हजार फ्लैटों के आवंटन के लिए नोएडा में भारी सुरक्षा के बीच ड्रॉ निकाला गया। इन फ्लैटों के लिए 7.53 लाख आवेदन किए गए थे। ड्रॉ स्थल पर प्रवेश पर पाबंदी लगाए जाने के कारण सैकड़ों आवेदक नोएडा सेक्टर-62 स्थित सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कम्प्यूटिंग (सीडेक) के कार्यालय के बाहर जमा हो गए थे। डीडीए ने ड्रॉ के लिए सीडेक की मदद ली थी। ड्रॉ निकालने की प्रक्रिया दो घंटे 45 मिनट तक चली। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार देर रात तक डीडीए की वेबसाइट पर ड्रॉ के परिणाम अपलोड किए जा सकते हैं। ड्रॉ के परिणाम अखबारों में भी प्रकाशित किए जाएंगे। जिस जगह ड्रॉ निकाले जा रहे थे, वहां केवल चंद मीडियाकर्मियों को जाने की इजाजत दी गई। इसके अलावा वहां विभिन्न क्षेत्रों के निष्पक्ष वरिष्ठ पर्यवेक्षक और डीडीए अधिकारी मौजूद थे। डीडीए यह पहले ही कह चुका था कि सीडेक परिसर में काफी सीमित जगह है तथा वहां सभी लोगों की मौजूदगी से मुश्किल होगी। ऐसा पहली बार हुआ है कि ड्रॉ डीडीए मुख्यालय की बजाय नोएडा में निकाला गया। बहरहाल, कई आवेदकों की शिकायत थी कि ड्रॉ की प्रक्रिया को सार्वजनिक किया जाना चाहिए था। कुछ मीडियाकर्मी अंदर जाने की इजाजत नहीं मिल पाने के कारण अप्रसन्न थे। इमारत के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी कर्मी तैनात थे तथा क्षेत्र से यातायात का मार्ग बदल दिया गया था। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पांच दमकल गाड़ियां भी वहां मौजूद थीं।