खास बातें
- वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने कहा कि आम चुनाव अभी 15 महीने दूर हैं और अगले महीने पेश होने वाला बजट एक ‘जिम्मेदारी भरा’ बजट होगा।
लंदन: वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने कहा कि आम चुनाव अभी 15 महीने दूर हैं और अगले महीने पेश होने वाला बजट एक ‘जिम्मेदारी भरा’ बजट होगा।
यहां वैश्विक निवेशकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार चुनाव आने तक कई निर्णयों और बदलावों को लागू करेगी।
चिदंबरम पिछले सप्ताह से विश्व के निवेशकों से मिलने निकले हुए हैं और इस क्रम में निवेशकों के साथ उनकी यह चौथी बठक थी।
चिदम्बरम ने कहा कि इन बैठकों के दौरान निवेशकों ने राजनीतिक स्थिरता और सुधारों को आगे बढ़ाने में सरकार की क्षमता पर संदेह प्रकट किए। वित्त मंत्री ने इसके जवाब में कहा, ‘उन्होंने 2014 में होने वाले आम चुनाव की ओर संकेत दिया ओर कहा कि चुनाव को नजदीक आते देख हमारे पांव डगमगा जाएंगे।’
बैठक के बाद चिदंबरम ने कहा, ‘मैंने उन्हें आश्वस्त किया कि चुनाव होने में अभी 15 महीने बाकी हैं और आम बजट फरवरी में पेश किया जाएगा जो कि एक जिम्मेदारीभरा बजट होगा और इसमें कई निर्णयों को लागू किया जाएगा।’
चिदंबरम ने कहा कि निवेशकों की इस चिंता का कोई आधार नहीं है कि ‘हम कुछ भी कहें चुनाव को देखते हुए हम अपनी जिम्मेदारी दरकिनार कर देंगे।’ उन्होंने कहा कि अगर हम सम्मेलन में शामिल होने वाले लोगों की संख्या और जो प्रश्न उन्होंने पूछे हैं, उसे देखें तो साफ पता चलता है कि भारत के लिए लोगो में पर्याप्त रुचि है।