योजनाओं पर तेजी से अमल के लिए एक महीना पहले पेश होगा बजट : पीएम मोदी

योजनाओं पर तेजी से अमल के लिए एक महीना पहले पेश होगा बजट : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फाइल तस्वीर

नई दिल्ली:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि योजनाओं पर जल्द अमल शुरू करने के लिए केंद्रीय बजट को एक महीना पहले पेश किया जाएगा. उन्होंने राज्यों से भी आग्रह किया कि इसका लाभ उठाने के लिए वह अपनी योजनाओं को इसी के अनुरूप आगे बढ़ाएं.

प्रधानमंत्री ने 'सक्रिय संचालन और समय पर क्रियान्वयन' यानी 'प्रगति' की मासिक बैठक में इस मुद्दे का जिक्र किया. यह सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी आधारित (आईसीटी) प्लेटफॉर्म है. इसके जरिये प्रधानमंत्री हर महीने राज्यों के शीर्ष अधिकारियों के साथ कार्यक्रमों और योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा करते हैं.

प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक वक्तव्य में कहा गया है, 'प्रधानमंत्री ने कहा कि आम बजट को एक महीना पहले पेश किया जा रहा है ताकि विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों को तेजी से अमल में लाया जा सके.' इसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने सभी राज्यों से आग्रह किया है कि केंद्र की इस पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए वह भी अपनी योजनाओं को इसी के अनुरूप तैयार करें और आगे बढ़ाएं.

अब तक चली आ रही परंपरा के मुताबिक केंद्र सरकार का बजट फरवरी के आखिरी दिन पेश किया जाता रहा है. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पिछले महीने ही इसे एक महीना पहले पेश करने का फैसला किया. ऐसा करने के पीछे मकसद यह है कि पूरी बजट प्रक्रिया को 1 अप्रैल से नया वित्त वर्ष शुरू होने से पहले ही पूरा कर लिया जाए. इस फैसले को देखते हुए अब संसद का बजट सत्र भी फरवरी के बजाय जनवरी के आखिरी सप्ताह में शुरू होगा.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com