मुंबई:
प्रतिष्ठित कंपनियों के शेयरों में विदेशी संस्थागत निवेशकों की लिवाली की बदौलत बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स बुधवार को करीब 105 अंक की तेजी के साथ अब तक के सबसे उच्च स्तर 21,033.97 अंक पर बंद हुआ। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक में वहां मौद्रिक प्रोत्साहन की नीति जारी रखने के अनुमान के बीच बाजार में तेजी आई।
30 शेयरों वाला सेंसेक्स 104.96 अंक या 0.50 प्रतिशत की तेजी के साथ 21,033.97 अंक बंद हुआ। इससे पूर्व, 5 नवंबर, 2010 को सेंसेक्स 21,004.96 अंक पर बंद हुआ। बाजार में मंगलवार को 359 अंक की तेजी आई थी। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 21,206.77 अंक तक चला गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 30.80 अंक या 0.50 प्रतिशत बढ़कर 6,251.70 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 6,269.20 अंक तक चला गया था।
एमसीएक्स-एसएक्स का एसएक्स40 सूचकांक 69.68 अंक चढ़कर 12,514.81 अंक पर बंद हुआ। भारती एयरटेल का वित्तीय परिणाम उम्मीद से बेहतर रहने से कंपनी का शेयर 5.23 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुआ। इसके अलावा आईटीसी, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी, डॉक्टर रेड्डीज लैब, टीसीएस तथा बजाज ऑटो के शेयरों में तेजी आई।
बोनांजा पोर्टफोलियो के वरिष्ठ शोध विश्लेषक निधि सारस्वत ने कहा, एफआईआई द्वारा सतत लिवाली तथा उच्च स्तर पर जोखिम लेने की ललक से बाजार में तेजी आई है। कारोबारियों के अनुसार रिजर्व बैंक द्वारा मंगलवार को मौद्रिक नीति समीक्षा में सीमांत स्थायी सुविधा (एमएसएफ) घटाकर 8.75 प्रतिशत किए जाने से नकदी बढ़ने की संभावना के बीच बाजार धारणा आने वाले दिनों में मजबूत रहने की उम्मीद है।
दिन भर के कारोबार में सेंसेक्स ने 21,086.59 के ऊपरी और 20,937.12 के निचले स्तर को छुआ। दिन भर के कारोबार में निफ्टी ने 6,269.20 के ऊपरी और 6,222.60 के निचले स्तर को छुआ। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में भी तेजी दर्ज की गई। मिडकैप सूचकांक 15.24 अंकों की तेजी के साथ 6,021.01 पर और स्मॉलकैप 37.32 अंकों की तेजी के साथ 5,864.79 पर बंद हुआ।
बीएसई के 13 में से 11 सेक्टरों में तेजी दर्ज की गई। स्वास्थ्य सेवाएं (1.19 फीसदी), तेज खपत उपभोक्ता वस्तुएं (1.12 फीसदी), प्रौद्योगिकी (0.66 फीसदी), बिजली (0.51 फीसदी) और रियल्टी (0.47 फीसदी) में सर्वाधिक तेजी दर्ज की गई। बीएसई के दो सेक्टरों वाहन (0.05 फीसदी) और सार्वजनिक कंपनियां (0.03 फीसदी) में गिरावट रही।