यह ख़बर 31 जनवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

'17 सरकारी कम्पनियां करेंगी 1.4 लाख करोड़ रुपये का निवेश'

खास बातें

  • प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मंगलवार को कहा कि केंद्र सरकार की 17 कम्पनियां आने वाले साल में 1,40,000 करोड़ रुपये का निवेश करेंगी।
नई दिल्ली:

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मंगलवार को कहा कि केंद्र सरकार की 17 कम्पनियां आने वाले साल में 1,40,000 करोड़ रुपये का निवेश करेंगी।

एक कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा, "हमें यह जानकार काफी खुशी हुई कि केंद्र सरकार की 17 कम्पनियों (सेंट्रल पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग) ने 1,40,000 करोड़ रुपये निवेश करने का वादा किया है।"

प्रधानमंत्री ने कहा, "देश जब कठिन वैश्विक माहौल का सामना कर रहा है, तब ऐसे समय में सार्वजनिक क्षेत्र के निवेश की विशेष जरूरत है।"

यह निवेश मुख्यत: विनिर्माण, खनन, बिजली और सेवा क्षेत्र में होगा।

सिंह ने कहा कि खनन कम्पनियों को कोयला, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस का उत्पादन बढ़ाना चाहिए, क्योंकि इनके आयात का खर्च काफी बढ़ गया है।

प्रधानमंत्री ने खनन क्षेत्र में केंद्र सरकार की कम्पनियों से कहा कि वे विदेशों में खानों के अधिग्रहण की सम्भावना की तलाश करें। मंत्रिमंडल ने हाल ही में ऐसे एक अधिग्रहण प्रस्ताव को मंजूरी दी है। उन्होंने सकल घरेलू उत्पाद में विनिर्माण क्षेत्र का अनुपात बढ़ाने पर भी जोर दिया, जो अभी 15 फीसदी है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार की कम्पनियों को प्रतियोगिता में बने रहने के लिए बेहतर कम्पनी प्रशासन, रणनीतिक योजना, नवाचार, शोध और विकास तथा गुणवत्ता नियंत्रण पर अधिक ध्यान देना चाहिए।