खास बातें
- मुख्य आर्थिक सलाहकार कौशिक बसु का मानना है कि प्याज की कीमतों में तेजी की वजह व्यापारियों की साठगांठ है और इसका सरकारी नीति से कोई संबंध नहीं है।
New Delhi: मुख्य आर्थिक सलाहकार कौशिक बसु का मानना है कि हाल के दिनों में प्याज की कीमतों में आई तेजी की मुख्य वजह व्यापारियों की साठगांठ है और इसका रिजर्व बैंक या सरकार की नीति से कोई संबंध नहीं है। प्याज की कीमतों में वृद्धि की वजह बताते हुए बसु ने कहा कि व्यापारियों के बीच एक ऐसा गठजोड़ काम कर रहा है, जो बाजार में नई आवक को नहीं आने दे रहा है। इस समय प्याज का दाम खुदरा बाजार में 60 रुपये किलो के आसपास चल रहा है। पिछले पखवाड़े प्याज के भाव 80 रुपये किलोग्राम तक चले गए थे। उन्होंने कहा कि व्यापारी ग्रामीण इलाकों से प्याज क्यों नहीं खरीद रहे हैं। बसु ने कहा, एक महत्वपूर्ण सवाल यह है कि मुनाफा कमाने वाले व्यापारी गांवों से प्याज खरीदकर शहरों में क्यों नहीं बेच रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्याज की कीमतों का मौद्रिक या राजकोषीय नीति से कोई लेना-देना नहीं है।