यह ख़बर 26 जनवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

भ्रष्टाचार पर प्रेमजी बोले, अब तो हद हो गई!

खास बातें

  • विप्रो समूह के प्रमुख अजीम प्रेमजी ने देश में राजकाज के स्तर में आई गिरावट पर कहा कि वह मौजूदा केंद्र सरकार के कामकाज से बहुत निराश हैं।
दावोस:

देश के जाने-माने उद्यमी तथा विप्रो समूह के प्रमुख अजीम प्रेमजी ने देश में राजकाज के स्तर में आई गिरावट पर कहा कि वह मौजूदा केंद्र सरकार के कामकाज से बहुत निराश हैं क्योंकि इससे लोगों को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीदें थी। उल्लेखनीय है कि सरकार ने मंगलवार को ही प्रेमजी को पद्मविभूषण अलंकरण से सम्मानित करने की घोषणा की है। एक आर्थिक सम्मेलन में भाग लेने आए विप्रो के चैयरमेन ने कहा, 'मैं बेहद निराश हूं। मेरा मानना है कि यह राष्ट्रीय संकट है। मेरे लिए यह बहुत पीड़ादायक है क्योंकि जब यह सरकार (संप्रग-दो) सत्ता में आई थी तो लोगों ने इससे बड़ी उम्मीदें बांध रखी थीं।'  उल्लेखनीय है कि हाल में प्रेमजी ने देश की उद्योग व्यापार, विधि एवं प्रशासन क्षेत्र की कई जानी-मानी हस्तियों के साथ देश में राजकाज में गिरावट को लेकर देश के नेताओं के नाम एक पत्र जारी किया है। यह अपील जारी करने वालों में प्रेमजी के साथ महिंद्रा एंड महिंद्रा के चेयरमैन केशुब महिंद्रा, एचडीएफसी के चेयरमैन दीपक पारेख, भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर एम नरसिम्हन, बिमल जालान, न्यायमूर्ति श्रीकृष्णा भी हैं। इन हस्तियों ने देश में चारों तरफ राजकाज के छिन्न भिन्न होने के मुद्दे को उजागार कतरे हुए भ्रष्टाचार से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम जल्द से जल्द करने पर बल दिया है। प्रेमजी ने कहा, 'मुझे लगता है कि अब शुद्धिकरण की बेला आ गई है और जब ऐसी स्थिति आ जाती है तो बदलाव के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता। मैं आशावान हूं।'


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com