यह ख़बर 09 नवंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

एयर एशिया इंडिया ने की 699 रुपये में हवाई सैर कराने की पेशकश

नई दिल्ली:

एयर एशिया इंडिया ने सस्ती दर पर उड़ान सेवा की पेशकश की है। विमानन कंपनी ने एक सप्ताह की बिक्री शुरू की है, जिसके तहत एक तरफ का न्यूनतम किराया 699 रुपये होगा और इसमें सभी कर शामिल है।

एयरलाइन ने एक विज्ञप्ति में कहा कि एयर एशिया इंडिया की मलेशियाई मूल कंपनी एयर एशिया ने इससे पहले 'बिग सेल' की पेशकश की। इसके तहत कंपनी कुआलालंपुर से अपने नेटवर्क पर 30 लाख प्रमोशनल सीटों के साथ 'बिग सेल' शुरू की।

इसके तहत एयर एशिया बरहार्ड तथा थाई एयर एशिया द्वारा परिचालित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए शुरुआती किराया 2,599 रुपये होगा। यह कदम उसी का हिस्सा है। भारतीय विमानन कंपनी ने न्यूनतम 699 रुपये में एक तरफ के किराये की पेशकश की है इसमें सभी कर शामिल है।

मलेशियाई मूल कंपनी की 2,599 रुपये की पेशकश चेन्नई, कोच्चि, कोलकाता, बेंगलुरु, तिरुचिरापल्ली तथा हैदराबाद से कुआललंपुर के लिए है। टिकटों की बुकिंग एयर एशिया की वेबसाइट से रविवार रात से लेकर 16 नवंबर तक की जा सकती है। यात्रा अवधि अगले वर्ष 10 जून से 17 जनवरी 2016 तक होगी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

एयर एशिया इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी मिट्टू चांडिल्य ने कहा, 'हमारा प्रत्येक भारतीयों को सस्ती दर पर विमानन सेवा उपलब्ध कराने का निरंतर प्रयास है।' उन्होंने कहा कि 'बिग सेल' पेशकश से लोग सस्ती दर पर यात्रा की योजना बना सकेंगे।