खास बातें
- केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री वायलार रवि ने गुरुवार को कहा कि सरकार विमानन कम्पनी एयर इंडिया में अपनी हिस्सेदारी बेचने के बारे में नहीं सोच रही है।
नई दिल्ली: केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री वायलार रवि ने गुरुवार को कहा कि सरकार विमानन कम्पनी एयर इंडिया में अपनी हिस्सेदारी बेचने के बारे में नहीं सोच रही है। रवि ने एक औद्योगिक सम्मेलन के मौके पर संवाददाताओं से कहा, "एयर इंडिया के विनिवेश या प्राथमिक सार्वजनिक निर्गम की कोई योजना नहीं है।" उन्होंने कहा, "नागरिक उड्डयन मंत्री होने के नाते मेरा पहला काम विमानन कम्पनी को न नफा, न नुकसान की स्थिति में लाना है।" उन्होंने कहा कि विमानन कम्पनी के वित्तीय पुनर्गठन पर विचार करने के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी की अध्यक्षता में मंत्रियों के समूह की अगली बैठक 27 अक्टूबर को होगी। उन्होंने कहा कि सरकार हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) का काम एक स्वतंत्र एजेंसी को देने पर विचार कर रही है। अभी एटीसी और कम्युनिकेशन नेविगेशन एंड सर्विलांस (सीएनएस) सेवा भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की जिम्मेदारियों के दायरे में आती है।