खास बातें
- राजधानी के रीयल एस्टेट क्षेत्र में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी के मामले सामने आए और जांच में करीब 1,000 करोड़ रुपये की राशि वापस प्राप्त हुई।
नई दिल्ली: अर्थव्यवस्था की रफ्तार मंद पड़ने की वजह से राजधानी के रीयल एस्टेट क्षेत्र में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी के मामले सामने आए और जांच में करीब 1,000 करोड़ रुपये की राशि वापस प्राप्त हुई। दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को यह दावा किया। पुलिस आयुक्त बीके गुप्ता ने कहा, रीयल एस्टेट क्षेत्र में मंदी की वजह से बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी की घटनाएं हुईं और बड़े-बड़े बिल्डर अपनी प्रतिबद्धताओं या वादों को पूरा नहीं कर पाए, जिससे निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की आर्थिक अपराध इकाई ने ऐसे डेवलपर्स और बिल्डरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। विशेष आयुक्त (अपराध शाखा) रंजीत नारायण ने कहा, आर्थिक अपराध शाखा के एंटी लैंड एंड बिल्डिंग सेक्शन ने ऐसे बिल्डरों की संपत्ति और बैंक खाते जब्त किए, जिनसे 1,000 करोड़ रुपये वापस मिले। उन्होंने कहा कि ऐसे भूमाफियाओं के खिलाफ भी अभियान चलाया गया, जिन्होंने फर्जी दस्तावेजों के जरिए भूमि कब्जाई थी।