RBI ने Airtel Payments Bank पर लगाया ₹31.80 लाख का भारी जुर्माना, जानें वजह और ग्राहकों के पैसों पर क्या होगा असर?

RBI ने Airtel Payments Bank पर 31.80 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. जानें क्या है शिकायतों को छिपाने का यह पूरा मामला और क्यों ग्राहकों को घबराने की जरूरत नहीं है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
RBI Penalty On Airtel Payments Bank: आरबीआई ने सीधे जुर्माना नहीं लगाया. पहले बैंक को एक 'कारण बताओ नोटिस' (Show Cause Notice) जारी किया गया था. (AI Image)
AI Image
नई दिल्ली:

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने सख्त रुख अपनाते हुए एयरटेल पेमेंट्स बैंक (Airtel Payments Bank) पर भारी जुर्माना ठोक दिया है. सोमवार, 30 मार्च को जारी आदेश में आरबीआई ने बैंक पर 31.80 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाई है. यह खबर सामने आते ही एयरटेल पेमेंट्स बैंक के करोड़ों ग्राहकों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं. आखिर बैंक से ऐसी क्या गलती हुई कि आरबीआई को यह कदम उठाना पड़ा? और सबसे जरूरी बात क्या इस जुर्माने का असर आपके जमा पैसों पर भी पड़ेगा? आइए,जानते हैं हर एक बात...

आखिर Airtel Payments Bank पर क्यों लगा जुर्माना? जानें असली वजह

आरबीआई समय-समय पर बैंकों की कार्यप्रणाली की जांच करता है. इसी कड़ी में एयरटेल पेमेंट्स बैंक की 31 मार्च, 2025 तक की वित्तीय स्थिति की जांच (Statutory Inspection) की गई. इस जांच में यह पाया गया कि बैंक ने वित्त वर्ष 2024-25 के अपने सालाना फाइनेंशियल स्टेटमेंट में डिस्क्लोजर संबंधी नियमों का उल्लंघन किया है. आसान शब्दों में कहें तो, बैंक ने अपने अकाउंट डिटेल्स में कुछ शिकायतों के बारे में पूरी जानकारी नहीं दी थी, जिसे छिपाना आरबीआई के नियमों के खिलाफ है.

RBI ने पहले दिया था सफाई का मौका

आरबीआई ने सीधे जुर्माना नहीं लगाया. पहले बैंक को एक 'कारण बताओ नोटिस' (Show Cause Notice) जारी किया गया था. बैंक से पूछा गया कि नियमों की अनदेखी के लिए उन पर जुर्माना क्यों न लगाया जाए? बैंक ने इस पर अपना लिखित जवाब दिया और व्यक्तिगत सुनवाई के दौरान अपनी दलीलें भी पेश कीं. लेकिन आरबीआई बैंक की दलीलों से संतुष्ट नहीं हुआ और पाया कि बैंक के खिलाफ लगाए गए आरोप सही हैं, जिसके बाद यह 31.80 लाख रुपये का जुर्माना तय किया गया.

ग्राहकों के जमा पैसे का क्या होगा?

अगर आपका खाता एयरटेल पेमेंट्स बैंक में है, तो आपके लिए राहत की बात है. आरबीआई ने साफ तौर पर कहा है कि यह कार्रवाई बैंक द्वारा नियमों के पालन (Regulatory Compliance) में कमी के कारण की गई है. इसका मकसद बैंक और उसके ग्राहकों के बीच होने वाले किसी भी लेनदेन या समझौते की वैधता पर सवाल उठाना नहीं है.

Advertisement

इसका सीधा मतलब ये है कि आपके जमा पैसे पूरी तरह सुरक्षित हैं और बैंक की सेवाओं पर इस जुर्माने का कोई सीधा बुरा असर नहीं पड़ेगा.

क्या आगे भी हो सकती है Airtel Payments Bank पर कार्रवाई?

केंद्रीय बैंक ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि यह जुर्माना लगाने का मतलब यह नहीं है कि मामला पूरी तरह खत्म हो गया है. आरबीआई ने कहा है कि यह जुर्माना लगाने से बैंक के खिलाफ भविष्य में शुरू की जाने वाली किसी भी अन्य कानूनी या नियामक कार्रवाई पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा. यानी अगर कोई और कमी पाई गई, तो बैंक पर आगे भी एक्शन लिया जा सकता है.

Advertisement
Featured Video Of The Day
ईरान के समर्थन में नारे लगा रही थी ब्रिटिश महिला, ईरानी पत्रकार ने जमकर सुना दिया