विज्ञापन

देशभर में 'या अली' से मिली पहचान, लेकिन असम की मिट्टी से कभी दूर नहीं हुए जुबिन गर्ग

फिल्म गैंगस्टर के सुपरहिट गाने 'या अली' से देशभर में पहचान बनाने वाले जुबिन गर्ग सिर्फ एक प्लेबैक सिंगर नहीं थे, बल्कि असमिया संगीत के बड़े सितारे भी थे. सिंगिंग, म्यूजिक डायरेक्शन, एक्टिंग और फिल्म डायरेक्शन में अपनी छाप छोड़ने वाले जुबिन ने लोकल संगीत को हमेशा पहले रखा और अपनी आवाज से करोड़ों दिलों को जीत लिया.

देशभर में 'या अली' से मिली पहचान, लेकिन असम की मिट्टी से कभी दूर नहीं हुए जुबिन गर्ग
'या अली' से मिली देशभर में पहचान, असमिया संगीत के बेताज बादशाह थे जुबिन गर्ग
IANS
नई दिल्ली:

जुबिन गर्ग का नाम आते ही सबसे पहले फिल्म 'गैंगस्टर' का मशहूर गाना 'या अली' याद आता है. इस गाने ने उनकी आवाज को देशभर में पहचान दिलाई, लेकिन जुबिन की कहानी सिर्फ बॉलीवुड के एक हिट गाने तक सीमित नहीं थी. वह असम के ऐसे कलाकार थे, जिन्होंने अपनी भाषा, संस्कृति और संगीत से रिश्ते को कभी कमजोर नहीं होने दिया. उन्होंने असमिया लोकगीतों से लेकर रॉक और पॉप संगीत तक हर तरह के गानों में अपनी अलग पहचान बनाई. 

बचपन से ही था संगीत में रुझान

जुबिन गर्ग का जन्म 18 नवंबर 1972 को मेघालय के तुरा में हुआ था. उनके पिता मोहिनी मोहन बोरठाकुर सरकारी अधिकारी होने के साथ-साथ लेखक और गीतकार भी थे, जबकि उनकी मां इली बोरठाकुर गायिका थीं. घर में संगीत और साहित्य का माहौल होने के कारण जुबिन का रुझान बचपन से ही गाने की तरफ हो गया था. उन्होंने महज तीन साल की उम्र में गाना शुरू कर दिया था. उनकी मां ने उन्हें संगीत की शुरुआती शिक्षा दी. इसके अलावा, उन्होंने पंडित रॉबिन बनर्जी से करीब 11 साल तक तबला सीखा और गुरु रमणी राय से असमिया लोक संगीत की बारीकियां समझीं.

ये भी पढ़ें: जुबीन गर्ग की मौत का सच एक साल बाद भी जानना चाहती हैं वाइफ गरिमा, डेथ एनिवर्सरी पर फैंस हुए इमोशनल, असम CM ने किया याद

कम उम्र में ही शुरू हो गया था संगीत का सफर 

जुबिन का संगीत सफर कम उम्र में ही शुरू हो गया था. साल 1992 में उनका पहला असमिया एल्बम 'अनामिका' रिलीज हुआ. इस एल्बम ने पूर्वोत्तर भारत में उन्हें पहचान दिलाई. इसके बाद 'माया', 'आशा', 'जुनाकी मोन' और 'एक्सोपुनोर शूर' जैसे एल्बमों से उनकी लोकप्रियता बढ़ती गई. उस समय असमिया संगीत में उनकी आवाज युवाओं के बीच काफी पसंद की जाने लगी थी. वह सिर्फ गायक नहीं थे, बल्कि गाने लिखने और उनकी धुन तैयार करने में भी रुचि रखते थे.

क्षेत्रीय संगीत में अपनी पहचान बनाने के बाद जुबिन ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की तरफ रुख किया. वह 1995 में मुंबई पहुंचे और यहां अपनी आवाज को नए दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश शुरू की. शुरुआती दिनों में उन्हें कई फिल्मों में गाने का मौका मिला. उन्होंने फिल्म 'फिजा' के लिए 'आजा माहिया' और 'कांटे' के लिए 'जो गली से गुजरे' जैसे गाने गाए. हालांकि, उन्हें देशभर में असली पहचान साल 2006 में रिलीज हुई फिल्म 'गैंगस्टर' के गाने 'या अली' से मिली. इस गाने में उनकी आवाज और गाने के अंदाज को लोगों ने खूब पसंद किया. यह गाना लंबे समय तक म्यूजिक चार्ट में छाया रहा और उन्हें ग्लोबल इंडियन फिल्म अवॉर्ड्स में बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर का पुरस्कार भी मिला.

हिंदी फिल्मों में मिले कई मौके

'या अली' की सफलता के बाद जुबिन के पास हिंदी फिल्मों में काम करने के कई मौके आए, लेकिन उनका मन हमेशा असम के संगीत में लगा रहा. उन्होंने बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने के बाद भी क्षेत्रीय संगीत को प्राथमिकता दी. वह असमिया भाषा में गाने बनाते रहे और वहां के लोगों के बीच लगातार लोकप्रिय बने रहे.

जुबिन ने हिंदी, असमिया, बंगाली, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, पंजाबी और नेपाली समेत कई भाषाओं में गाने गाए. संगीत के अलावा उन्होंने फिल्मों में अभिनय और निर्देशन भी किया. असमिया फिल्म 'तुमि मोर माथो मोर' से उन्होंने निर्देशन की दुनिया में कदम रखा. इसके बाद 'मिशन चाइना' और 'कंचनजंघा' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया. बतौर अभिनेता भी वह 'दिनबंधु', 'मोन जाय', 'रामधेनु' और 'डॉ. बेजबरुआ 2' जैसी फिल्मों में नजर आए. साल 2007 में उन्हें फिल्म 'इकोज ऑफ साइलेंस' के लिए बेस्ट नॉन-फीचर फिल्म म्यूजिक डायरेक्शन का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला. 19 सितंबर 2025 को सिंगापुर में एक यॉट ट्रिप के दौरान समुद्र में डूबने से उनका निधन हो गया. उनकी मौत ने असम ही नहीं, बल्कि पूरे देश के संगीत प्रेमियों को झकझोर दिया.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Zubeen Garg, Zubeen Garg Songs Bollywood, Zubeen Garg Death Anniversary, Bollywood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com