जिंदगी ना मिलेगी दोबारा (ZNMD) रिलीज हुए 15 साल बीत चुके हैं. फिल्म 15 जुलाई 2011 में रिलीज हुई थी. लेकिन आज भी यह फिल्म अपनी खूबसूरत लोकेशन्स, दोस्ती और रोमांच के लिए याद की जाती है. रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर की एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा बनाई गई कल्ट क्लासिक फिल्म 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा', आज भी भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली फिल्मों में से एक है. जोया अख्तर के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले रीमा कागती और जोया अख्तर ने लिखा था, इसके डायलॉग्स फरहान अख्तर ने लिखे थे, यादगार गाने जावेद अख्तर ने लिखे थे और इसका शानदार म्यूजिक शंकर-एहसान-लॉय की तिगड़ी ने तैयार किया था. ऋतिक रोशन, फरहान अख्तर, अभय देओल, कैटरीना कैफ और कल्कि केकलां जैसे बड़े कलाकारों से सजी यह फिल्म पीढ़ियों से दर्शकों के दिलों में एक सदाबहार क्लासिक के रूप में बसी हुई है.
इस्तेमाल हुए 16,000 किलो टमाटर
फिल्म के एक सीन के लिए लगभग 16,000 किलो टमाटरों का इस्तेमाल हुआ था. यह स्पेनिश टोमैटो फेस्टिवल (La Tomatina) वाला सीक्वेंस है. फिल्म की टीम ने असली ला टोमाटिना फेस्टिवल की शूटिंग नहीं की, बल्कि इसे स्पेन में ही एक कस्टम सेट पर रीक्रिएट किया. हजारों लीटर पानी के साथ 16 हजार टन टमाटरों को खास तौर पर मंगवाया गया था ताकि सीन बिल्कुल रियलिस्टिक और कलरफुल लगे. फिल्म की टीम ने बताया था कि टमाटरों की मात्रा इतनी ज्यादा थी कि पूरा फ्लोर लाल हो गया था और शूटिंग के दौरान सेट पर टमाटरों की महक इतनी तेज थी कि कई दिन तक इस खुशबू ने उनका पीछा नहीं छोड़ा.

जिंदगी ना मिलेगी दोबारा में कैटरीना और ऋतिक
Photo Credit: IMDB
FIFA 2010 विश्व कप जीत का जश्न और मूवी
फिल्म से जुड़ी एक दिलचस्प बात यह भी है कि शूटिंग के दौरान कास्ट और क्रू स्पेन में ही थे जब 2010 FIFA विश्व कप का फाइनल खेला जा रहा था. 11 जुलाई 2010 को स्पेन ने नीदरलैंड्स को हराकर पहली बार विश्व कप जीता. पूरी टीम स्पेनिश जश्न का हिस्सा बनी, सड़कें, लोग, आतिशबाजी और खुशी का माहौल देखते हुए उन्होंने इस ऐतिहासिक पल को लाइव महसूस किया. जोया अख्तर ने बताया था कि यह अनुभव फिल्म की 'जिंदगी जीने' वाली थीम से पूरी तरह मैच करता था और टीम के लिए यह एक यादगार पल बन गया.

जिंदगी ना मिलेगी दोबारा का ला टोमाटिना वाला सीन
Photo Credit: IMDB
जिंदगी ना मिलेगी दोबारा का बजट और कलेक्शन
'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' की बेमिसाल विरासत आज भी उतनी ही शानदार है. इसके गाने, आइकॉनिक डायलॉग, यादगार सीन और दिल को छू लेने वाला मैसेज आज भी लोगों को उतना ही पसंद आता है, जितना फिल्म की रिलीज के वक्त आता था. फिल्म का बजट लगभग 45 करोड़ रुपये था लेकिन इसने बॉक्स ऑफिस पर 153 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया.
यह भी पढ़ें: 16 की उम्र में शुरू की कुश्ती, आज है WWE की सबसे खूंखार महिला रेसलर, पुरुष पहलवानों को भी लगता है इनसे डर
दोस्ती, खुद को पहचानने और हर दिन जिंदगी को खुलकर जीने की इसकी थीम आज भी हर पीढ़ी के दिलों को छूती है, जिसने इसे एक सदाबहार क्लासिक फिल्म बना दिया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं