कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 में इस बार सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं, बल्कि पंजाबी इंडस्ट्री की चमक भी साफ नजर आ रही है. जहां आलिया भट्ट, तारा सुतारिया और पूजा बत्रा जैसे सितारों ने अपने ग्लैमरस लुक्स से सुर्खियां बटोरीं, वहीं एक देसी अंदाज वाली पंजाबी लड़की ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया. सिर पर दुपट्टा, हाथ में कड़ा, व्हाइट आइवरी आउटफिट और शाही डायमंड-एमराल्ड ज्वेलरी में सजी इस एक्ट्रेस की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं. फ्रेंच रिवेरा के बीच पंजाबी संस्कृति की झलक दिखाती यह हसीना कोई और नहीं, बल्कि मॉडल और एक्ट्रेस रूपी गिल हैं, जिन्होंने इस साल कान्स में अपना डेब्यू किया है.
पंजाबी म्यूजिक वीडियो से शुरू हुआ करियर
रूपी गिल का असली नाम रूपिंदर कौर गिल है. 28 साल की रूपी ने अपने करियर की शुरुआत पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से की थी. उन्हें पहली बार पहचान करण औजला के म्यूजिक वीडियो ‘यारियां च फिक' से मिली. कैमरे के सामने उनकी सादगी और स्क्रीन प्रेजेंस ने लोगों का ध्यान खींचा और धीरे-धीरे वह पंजाबी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा बन गईं. इसके बाद उन्होंने कई बड़े पंजाबी सिंगर्स के साथ काम किया और म्यूजिक वीडियोज में अपनी अलग पहचान बनाई.
फिल्मों में भी साबित किया अभिनय का दम
साल 2018 में रूपी गिल ने पंजाबी फिल्म ‘अश्के' से बड़े पर्दे पर कदम रखा. फिल्म में उन्होंने ‘नूर' का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों और समीक्षकों दोनों ने काफी पसंद किया. उनकी एक्टिंग की तारीफ इतनी हुई कि उन्हें पीटीसी पंजाबी फिल्म अवॉर्ड्स में बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस के लिए नॉमिनेशन मिला. इसके बाद 2019 में आई फिल्म ‘लाइये जे यारियां' में उन्होंने बतौर लीड एक्ट्रेस काम किया. इस फिल्म के लिए रूपी को बेस्ट एक्ट्रेस क्रिटिक्स अवॉर्ड भी मिला. अब तक वह ‘मां दा लाडला', ‘परिंदा पार गया', ‘जट्ट नू चुड़ैल टकरी', ‘बीबी रजनी' और ‘मझाइल' जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं.
कान्स में दिखाया पंजाब की संस्कृति का रंग
कान्स 2026 में रूपी गिल का अंदाज बाकी सितारों से बिल्कुल अलग नजर आया. जहां अधिकतर सेलिब्रिटीज वेस्टर्न आउटफिट में दिखे, वहीं रूपी ने ट्रेडिशनल पंजाबी टच को चुना. उनके सफेद और गोल्डन लुक, सिर पर दुपट्टे और हाथ के कड़े ने लोगों को काफी प्रभावित किया. सोशल मीडिया पर फैन्स उनके इस देसी अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं. रूपी जल्द ही एमी विर्क के साथ फिल्म ‘चढ़दी कला' में नजर आने वाली हैं, जो 29 मई को रिलीज होगी. कान्स में उनका यह अंदाज साबित करता है कि देसी संस्कृति को ग्लोबल मंच पर भी पूरे गर्व के साथ पेश किया जा सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं