कुछ अभिनेत्रियां एक हिट के लिए लंबे समय तक संघर्ष करती हैं. कुछ अभिनेत्री को अपने करियर में बहुत जल्द सफलता मिल जाती है तो कुछ को लंबे समय तक संघर्ष करना पड़ता है. आज हम आपको बॉलीवुड की एक ऐसी एक्ट्रेस के बारे में बताने वाले हैं जिसने कई सालों के लंबे संघर्ष के बाद करियर की पहली 100 करोड़ी हिट फिल्म दी है. दरअसल वामीका गब्बी ने अपनी पहली 100 करोड़ रुपये की फिल्म का जश्न मनाया है. प्रियदर्शन द्वारा निर्देशित हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया है. इस फिल्म में अक्षय कुमार मुख्य भूमिका में हैं.
वामीका ने क्या कहा
मंगलवार को वामीका ने इंस्टाग्राम पर फिल्म के सेट की कुछ बीटीएस तस्वीरें शेयर कीं. साथ में उन्होंने फैंस के लिए एक भावुक नोट भी लिखा. उन्होंने लिखा, "मेरी पहली 100 करोड़ वाली फिल्म. शब्दों से परे आभार. प्रियादर्शन, अक्षय कुमार और एकता कपूर के साथ पूरी कास्ट और क्रू को शुक्रिया, जिन्होंने इस फिल्म पर भरोसा किया और सब कुछ दिया."
वामीका ने आगे लिखा, "भूत बंगला उतना ही आपका है जितना हमारा. और दर्शकों को... शुक्रिया कि आपने इसे देखा, महसूस किया और धीरे-धीरे इसमें जगह बनाई... और मेरे लिए भी. हर कदम यहां कमाया, सीखा और गहराई से महसूस किया गया है. यह सिर्फ शुरुआत है... मैं लगातार आती रहूंगी, बढ़ती रहूंगी और आपको मनोरंजन देती रहूंगी... हमेशा."
भूत बंगला कलेक्शन
फिल्म 17 अप्रैल को रिलीज हुई थी. इसमें अक्षय कुमार के अलावा ताबू, राजपाल यादव, परेश रावल और असरानी जैसे कलाकार भी हैं. यह प्रियदर्शन और अक्षय कुमार की दशकों बाद फिर से जोड़ी है. पहले वे 'गरम मसाला', 'हेरा फेरी', 'भगम भग' और 'भूल भुलैया' जैसी हिट फिल्में बना चुके हैं. सूत्रों के अनुसार, भूत बंगला ने भारत में लगभग 117 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है, जबकि वर्ल्डवाइड यह आंकड़ा 188 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया है.
वामीका गब्बी का करियर 'जब वी मेट' से शुरू हुआ था, जहां उन्होंने छोटी भूमिका निभाई थी. बाद में उन्होंने पंजाबी सिनेमा में काम किया और अब बॉलीवुड में अपनी जगह बना रही हैं. वामीका गब्बी राजकुमार राव के साथ फिल्म भूल चुक माफ और वरुण धवन के साथ फिल्म बेबी जॉन में नजर आई थीं. उनकी यह दोनों ही फिल्में फ्लॉप हुई थीं.'भूत बंगला' उनके लिए एक बड़ा मील का पत्थर साबित हुआ है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं