रामायण को लेकर के इन दिनों खूब चर्चे हो रहे हैं. फिर वो चाहे आने वाली फिल्म रामायणम् हो या इन दिनों नवरात्रि के मौके पर चल रही रामलीला. हर जगह इस वक्त राम, सीता हनुमान और इसके अलग-अलग किरदारों की बात हो रही हैं. बता दें कि रामलीला तो कई होती हैं लेकिन दिल्ली के लाल किले में होने वाली रामलीला का एक अलग ही खुमार होता है. इसका आयोजन एक बड़े स्तर पर किया जाता है. जिसमें कई टीवी और फिल्मों के कलाकार भी हिस्सा लेते हैं और रामायण के अलग-अलग किरदार निभाते हैं. अब रामलीला में सीता हरण हो गया है, जिसके बाद होगी युद्ध की शुरुआत और साथ ही हनुमान की एंट्री जो इस पूरे ग्रंथ में एक अहम किरदार निभाते हैं.
साल 1987 में आई रामानंद सागर की रामायण में हनुमान का किरदार दारा सिंह ने निभाया था. अब उनकी इस विरासत को उनके बेटे विंदू दारा सिंह आगे बढ़ा रहे हैं. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है. जिसमें वो एक्सरसाइज कर रहे हैं. हनुमान एक ऐसा किरदार है जिसको निभाने के लिए सिर्फ ताकत ही नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और भक्ति की भी जरूरत होती है. यही जज्बा विंदू दारा सिंह ने 62 साल की उम्र में दिखाया है. 103 साल से लाल किले में होने वाली रामकथा का किरदार निभाने के लिए विंदू सिंह खास तैयारी कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें | रामायणम् के विश्वामित्र ने बताया फिल्म के सेट का माहौल, गलती होने पर क्या करते थे नितेश तिवारी
62 साल की उम्र में भी फिटनेस और भक्ति पर जोर
सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'उम्र सिर्फ एक नंबर है और अनुशासन, डेडिकेशन और भक्ति की कोई उम्र नहीं होती. उन्होंने श्री धार्मिक रामलीला के लिए हनुमान का किरदार निभाने की तैयारी का जिक्र किया और इसके लिए मनिषा जयके को धन्यवाद दिया.' उनके मुताबिक, भगवान हनुमान का किरदार निभाना सिर्फ एक एक्टिंग नहीं है, बल्कि ये प्रभु श्रीराम के परम भक्त के प्रति श्रद्धा और समर्पण का विषय है. इस महान किरदार को निभाने के लिए फिजिकल तौर पर भी तैयार रहना जरूरी है.
दारा सिंह ने लगभग 60 की उम्र में निभाया था रोल
हनुमान के रोल की बात करें तो उसमें दारा सिंह की बात न हो, ऐसा नहीं हो सकता है. रामानंद सागर की फेमस टीवी सीरीज 'रामायण' में दारा सिंह ने भगवान हनुमान की भूमिका निभाई थी. ये सीरीज 25 जनवरी 1987 को दूरदर्शन पर शुरू हुई थी. जिसने दर्शकों को ऐसा दीवाना बनाया कि इतने सालों बाद भी इसका क्रेज लोगों के बीच खत्म नहीं हुआ है. इससे पहले उन्होंने 1976 की फिल्म ‘बजरंगबली' में भी हनुमान का किरदार प्ले किया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं