अभिनेता वरुण धवन अपनी फिल्म 'बदलापुर' को प्रोमोट करने मशहूर क्राइम टीवी शो सीआईडी के सेट पर पहुंचे। यहां वरुण ने सीआईडी की टीम के साथ कुछ सीन भी शूट किए हैं। वरुण के साथ यहां फिल्म के निर्देशक श्रीराम राघवन भी मौजूद थे।
सीआईडी से पहले वरुण 'सारेगामापा लिटिल चैंप्स' पर भी अपनी फिल्म का प्रचार कर चुके हैं। यहां वरुण ने बच्चों के साथ खूब मस्ती और धमाल किया था।
आने वाले शनिवार को वरुण अपनी पूरी टीम को लेकर सड़क यात्रा पर निकलेंगे। इस यात्रा में 'बदलापुर' की टीम के साथ मुंबई की मीडिया भी होगी। मुंबई से शुरू होकर यह सफर पूना तक जाएगा, जहां बीच-बीच में रुक-रुक कर वरुण मीडिया के साथ इंटरव्यू करेंगे।
वरुण की फिल्म 'बदलापुर' का प्रचार अभियान जोरों पर है। वह देश के अलग-अलग शहरों में जा रहे हैं। स्कूलों और कॉलेजों में युवाओं के बीच नाच गाकर फिल्म के प्रचार के साथ-साथ लोगों के दिलों को भी लुभा रहे हैं।
दरअसल वरुण ने पहली बार अपनी इमेज से अलग होकर कोई फिल्म की है जो एक डार्क और एक्शन फिल्म है। इससे पहले युवाओं के बीच वरुण की हलकी-फुल्की कॉमेडी और रोमांटिक इमेज थी। लिहाजा वरुण अपनी इस बदली छवि को दर्शकों तक पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं