ग्वालियर हाईकोर्ट की ई-मेल आईडी पर दो दिन पहले धमकी भरा मेल आया है. इसमें 15 नवंबर को इंदौर में पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के होने वाले कॉन्सर्ट के मंच को IED (बम) से उड़ाने की चेतावनी दी गई है. हालांकि मेल मे सीधे तौर पर ग्वालियर हाईकोर्ट को टारगेट नहीं किया गया है. मेल मिलने के बाद ग्वालियर पुलिस और भोपाल एसटीएफ अलर्ट हो गई हैं. पुलिस ने हाईकोर्ट और जजों के बंगलों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है. ग्वालियर पुलिस ने धमकी भरा मेल मिलने की पुष्टि की है लेकिन ज्यादा जानकारी देने से इंकार कर दिया.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, मेल भेजने के लिए जिस IP एड्रेस का इस्तेमाल किया गया है, वह विदेशी नेटवर्क का बताया जा रहा है. फिलहाल पुलिस मेल की जांच कर उसके स्रोत का पता लगाने और पूरे मामले को डी-कोड करने का प्रयास कर रही है.
अब ग्वालियर हाईकोर्ट की ई-मेल आईडी पर आए संदेश में कॉन्सर्ट के मंच पर IED लगाकर विस्फोट करने की चेतावनी दी गई है. इसके बाद ग्वालियर पुलिस के साथ भोपाल और इंदौर पुलिस को भी अलर्ट किया गया है.
IP एड्रेस निकला विदेशी का
धमकी भरे ई-मेल की जांच ग्वालियर और इंदौर पुलिस के साथ भोपाल एसटीएफ कर रही है. शुरुआती जांच में मेल का IP एड्रेस विदेशी नेटवर्क का बताया जा रहा है.
पुलिस इस आशंका की भी जांच कर रही है कि भेजने वाले ने अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी IP एड्रेस का इस्तेमाल किया हो. फिलहाल मेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
जजों की बढ़ी सुरक्षा
धमकी में ग्वालियर को सीधे तौर पर निशाना नहीं बनाया गया है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस ने हाईकोर्ट और जजों के बंगलों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है.
यहां बता दें कि इससे पहले अक्टूबर में दिल्ली में दिलजीत दोसांझ के प्रस्तावित कॉन्सर्ट को सुरक्षा संबंधी इनपुट के कारण पुलिस से अनुमति नहीं मिली थी. बाद में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद कार्यक्रम को मंजूरी दी गई और 30 अक्टूबर को शो हुआ.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं