Justin Bieber: कभी किसी छोटे शहर की सीढ़ियों पर बैठा एक लड़का, हाथ में गिटार और आंखों में बड़े सपने लिए गा रहा था, और शायद उसे खुद भी अंदाजा नहीं था कि उसकी आवाज एक दिन दुनिया भर में गूंजेगी और वह दुनिया का सबसे बड़ा गली बॉय बन जाएगा. आज वही लड़का 1600 करोड़ रुपये की नेटवर्थ के साथ दुनिया के सबसे अमीर सिंगर्स में शुमार हैं. उनके शो के टिकट मिनटों में बिक जाते हैं. ये वो पहले आर्टिस्ट हैं जिन्होंने यूट्यूब पर 10 अरब व्यूज हासिल किए थे. जस्टिन बीबर के इंस्टाग्राम एकाउंट पर 293 मिलियन फॉलोअर्स हैं. अगर आप अभी तक अनुमान नहीं लगाए पाए हैं तो लीजिए आपको बता देते हैं कि ये सिंगर है 32 साल के जस्टिन बीबर.
सड़क बनी पहला स्टेज
साल 2007 में जस्टिन बीबर कनाडा के स्ट्रैटफोर्ड में एवन थिएटर के बाहर गाना गाते थे. उस समय वो सिर्फ 12 साल के थे. गिटार के साथ वो ने-यो और क्रिस ब्राउन जैसे सिंगर्स के गाने गाकर लोगों को रोक लेते थे. धीरे-धीरे वहां भीड़ जुटने लगी और उनकी पहचान बननी शुरू हुई. जस्टिन उन दिनों गाकर पैसे भी कमाते थे. एक दिन में वो करीब 100 से 150 पाउंड तक कमा लेते थे. इन पैसों से उन्होंने अपनी मां के साथ डिज्नी वर्ल्ड जाने का सपना पूरा किया. खुद जस्टिन ने बताया था कि वो सिर्फ मजे के लिए गाते थे, उन्हें नहीं पता था कि यही उनका करियर बन जाएगा.

जस्टिन की मां पैटी मलेट उनके गाने रिकॉर्ड करके यूट्यूब पर डालती थीं. इन्हीं वीडियो ने टैलेंट मैनेजर स्कूटर ब्राउन का ध्यान खींचा. उन्होंने जस्टिन को अटलांटा बुलाया, जहां उनकी मुलाकात अशर से हुई. यहीं से उनका प्रोफेशनल सफर शुरू हुआ. साल 2009 में उनका पहला गाना 'वन टाइम' रिलीज हुआ, जिसने उन्हें तेजी से पहचान दिलाई. जस्टिन बीबर ने अपने माता-पिता के अलग होने पर 'डाउन टू अर्थ' सॉन्ग लिखा था.
गली बॉय को यूं मिला स्टारडम
इसके बाद 'माय वर्ल्ड' एल्बम ने उन्हें टीन पॉप सेंसेशन बना दिया. जस्टिन का स्टारडम देखते ही देखते पूरी दुनिया में फैल गया. इतनी सफलता के बाद भी जस्टिन अपनी शुरुआत को नहीं भूले. साल 2012 में वो फिर उसी जगह लौटे, जहां उन्होंने पहली बार सड़क पर गाना गाया था. उन्होंने वहां परफॉर्म किया और फैंस को याद दिलाया कि हर बड़ी कहानी की शुरुआत छोटी होती है. वैसे भी उनकी एक लाइन बहुत फेमस है कि 'मैं अपनी गलतियों से शर्मिंदा नहीं होने वाला. मैं एक ऐसा इंसान बनना चाहता हूं जो उनसे सीखे और उनसे आगे बढ़े.'
जस्टिन बीबर की नेटवर्थ
कनाडाई पॉप सुपरस्टार जस्टिन बीबर की नेटवर्थ 2026 में 200 मिलियन डॉलर (करीब 1,670 करोड़ रुपये) बताई जा रही है. यूट्यूब पर वीडियो डालकर शुरूआत करने वाले 32 वर्षीय गायक ने अब तक 150 मिलियन से ज्यादा एल्बम बेचे हैं. 2023 में अपना पूरा म्यूजिक कैटलॉग 200 मिलियन डॉलर में बेचकर उन्होंने अपनी कमाई को और मजबूत किया. टूर, मर्चेंडाइज, एंडोर्समेंट और स्ट्रीमिंग से सालाना करोड़ों की कमाई करने वाले बीबर आज लग्जरी लाइफ जी रहे हैं. पत्नी हैली बीबर (नेटवर्थ 300 मिलियन डॉलर) के साथ उनकी कुल संपत्ति 500 मिलियन डॉलर के पार है.

जस्टिन बीबर की अरबपति बीवी
जस्टिन बीबर की पत्नी हैली बीबर (29) अब खुद एक सफल उद्यमी बन चुकी हैं. 2022 में लॉन्च किए गए अपने स्किनकेयर ब्रांड ‘रॉड' को मई 2025 में एल्फ ब्यूटी ने 1 बिलियन डॉलर (करीब 8,300 करोड़ रुपये) में खरीद लिया. इस डील के बाद हैली की नेटवर्थ 300 मिलियन डॉलर (करीब 2,500 करोड़ रुपये) पहुंच गई है. मॉडलिंग से शुरूआत करने वाली हैली ने राल्फ लॉरेन, टॉमी हिलफिगर जैसे ब्रांड्स के साथ काम किया, आज वह रॉड की चीफ क्रिएटिव ऑफिसर हैं और पति जस्टिन के साथ कोचेला 2026 में भी नजर आईं. दोनों की शादी 2018 में हुई थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं