यश चोपड़ा की फिल्म ‘दिल तो पागल है' हिंदी सिनेमा की उन चुनिंदा फिल्मों में गिनी जाती है, जिसने रोमांस, संगीत और डांस को एक अलग पहचान दी. 1997 में रिलीज हुई यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट साबित हुई और उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में भी शामिल रही. शाहरुख खान, माधुरी दीक्षित, करिश्मा कपूर और अक्षय कुमार जैसे सितारों से सजी इस फिल्म के कई किस्से आज भी चर्चा में रहते हैं. दिलचस्प बात यह है कि फिल्म की स्टारकास्ट शुरुआत में बिल्कुल अलग होने वाली थी. सबसे पहले यह फिल्म श्रीदेवी को ऑफर की गई थी, लेकिन उन्होंने इसे करने से इनकार कर दिया. इतना ही नहीं, करिश्मा कपूर वाला किरदार भी कई अभिनेत्रियों के मना करने के बाद उनके हिस्से में आया था.
श्रीदेवी ने क्यों ठुकराई थी ‘दिल तो पागल है'?
अपने दौर की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शुमार श्रीदेवी को इस फिल्म में अहम भूमिका निभाने का प्रस्ताव मिला था. हालांकि उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस समय श्रीदेवी ऐसे किरदारों से दूरी बनाना चाहती थीं, जो उन्हें पहले निभाए गए रोल्स जैसे महसूस होते थे. उनका मानना था कि एक कलाकार के तौर पर खुद को दोहराने के बजाय नए और अलग तरह के किरदार चुनना ज्यादा जरूरी है. इसी सोच के चलते उन्होंने फिल्म को ना कह दिया.

बाद में यही भूमिका माधुरी दीक्षित को ऑफर की गई. माधुरी ने इसे स्वीकार किया और उनकी शानदार अदाकारी को दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों ने भी खूब सराहा. यह फिल्म उनके करियर की सबसे सफल फिल्मों में गिनी जाती है और आज भी उनके यादगार किरदारों में शामिल है.
करिश्मा कपूर वाला रोल भी पहले छह अभिनेत्रियों ने किया था रिजेक्ट
फिल्म से जुड़ा एक और रोचक तथ्य करिश्मा कपूर के किरदार से जुड़ा है. कहा जाता है कि यह भूमिका सबसे पहले छह अलग-अलग अभिनेत्रियों को ऑफर की गई थी, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया. इसकी एक बड़ी वजह यह बताई जाती है कि फिल्म में माधुरी दीक्षित जैसी बेहतरीन डांसर के साथ स्क्रीन साझा करने को लेकर कई अभिनेत्रियां असहज थीं. इसके बाद यह रोल करिश्मा कपूर के पास पहुंचा और उन्होंने बिना झिझक इसे स्वीकार कर लिया.
करिश्मा की मेहनत रंग लाई और उनकी दमदार परफॉर्मेंस के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार (सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री) से सम्मानित किया गया. यश चोपड़ा के निर्देशन में बनी ‘दिल तो पागल है' आज भी हिंदी सिनेमा की सबसे लोकप्रिय रोमांटिक म्यूजिकल फिल्मों में शुमार की जाती है और इसकी कहानी, संगीत व कलाकारों की अदाकारी दर्शकों के दिलों में आज भी खास जगह रखती है. जानकारी के लिए बता दें कि फिल्म ने 3 नेशनल अवार्ड और 8 फिल्मफेयर अवार्ड भी अपने नाम किए थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं