दक्षिण भारतीय सिनेमा और बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री काजल अग्रवाल आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं. अपनी खूबसूरती, दमदार अभिनय और सादगी के दम पर उन्होंने करोड़ों दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है. फिल्मों में उनकी सफलता की कहानी जितनी दिलचस्प है, उतनी ही प्रेरणादायक भी है. एक समय ऐसा था, जब उनकी मौत की खबरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी. यह खबर पढ़कर उन्हें बड़ा झटका लगा था. हालांकि, उन्होंने इस पूरे मामले को समझदारी से संभाला और अपने काम पर ध्यान देना जारी रखा.
बैकग्राउंड डांसर थीं काजल अग्रवाल
काजल अग्रवाल का जन्म 19 जून 1985 को मुंबई में हुआ था. बचपन से ही उन्हें अभिनय और डांस का शौक था. फिल्मों में आने से पहले उन्होंने कई विज्ञापनों में काम किया. कहा जाता है कि शुरुआती दिनों में उन्होंने बैकग्राउंड डांसर के रूप में भी काम किया था. धीरे-धीरे उनका झुकाव अभिनय की ओर बढ़ा और उन्होंने फिल्मी दुनिया में करियर बनाने का फैसला किया.
ये भी पढ़ें- दिलीप कुमार की सासूमां की 5 फोटो, सायरा बानो की मम्मी को कहा जाता था ब्यूटी क्वीन
ऐश्वर्या राय की दोस्त का निभाया किरदार
काजल ने साल 2004 में फिल्म 'क्यूं! हो गया ना' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की. इस फिल्म में उन्होंने ऐश्वर्या राय की दोस्त दीया मल्होत्रा का किरदार निभाया था. इसके बाद उन्होंने दक्षिण भारतीय फिल्मों का रुख किया. तेलुगु फिल्म 'लक्ष्मी कल्याणम' और फिर 'चंदामामा' में काम कर उन्होंने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा. असली सफलता उन्हें 'मगधीरा' से मिली, जिसने उन्हें साउथ सिनेमा की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शामिल कर दिया.
अजय देवगन की सिंघम से मिली बॉलीवुड में पहचान
इसके बाद काजल ने पीछे मुड़कर नहीं देखा. उन्होंने कई बड़ी तेलुगु और तमिल फिल्मों में काम किया और लगातार सफलता हासिल की. उनकी जोड़ी साउथ के कई बड़े सितारों के साथ पसंद की गई. साल 2011 में उन्होंने बॉलीवुड में दमदार वापसी की और 'सिंघम' में अजय देवगन के साथ काव्या के रोल में नजर आईं. फिल्म सुपरहिट रही और काजल को हिंदी दर्शकों के बीच भी नई पहचान मिली. इसके बाद उन्होंने 'स्पेशल 26', 'दो लफ्जों की कहानी' और 'मुंबई सागा' जैसी फिल्मों में काम किया.
मौत की खबर ने किया हैरान
साल 2025 में काजल एक अलग वजह से चर्चा में आईं. सोशल मीडिया पर उनकी मौत की झूठी खबर वायरल हो गई थी. एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि जब उन्होंने खुद अपने निधन की खबर पढ़ी तो उन्हें तगड़ा झटका लगा. उन्होंने इस अनुभव को शॉकिंग, स्ट्रेंज और बहुत अजीब बताया. काजल ने कहा कि अपने बारे में ऐसी खबर पढ़ना दुखद होता है. बाद में उन्होंने साफ किया कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और लोगों से ऐसी अफवाहों पर भरोसा न करने की अपील की. निजी जिंदगी की बात करें तो काजल ने साल 2020 में उद्योगपति गौतम किचलू से शादी की. शादी के बाद भी वह फिल्मों में सक्रिय हैं. इन दिनों वह आने वाली फिल्म 'द इंडिया स्टोरी' को लेकर चर्चा में हैं.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं