विज्ञापन

श्रद्धा कपूर ने मराठी मुलगी बन किया जबरदस्त डांस, श्रेया घोषाल की आवाज रिलीज हुआ ईठा का गाना 'जी जी रे जी'

श्रद्धा कपूर की फिल्म 'ईठा' का नया गाना रिलीज हो गया है. शानदार संगीत, खूबसूरत विजुअल्स और श्रद्धा कपूर की दमदार स्क्रीन प्रेजेंस वाले इस गाने को दर्शकों ने काफी पसंद किया है.

श्रद्धा कपूर ने मराठी मुलगी बन किया जबरदस्त डांस, श्रेया घोषाल की आवाज रिलीज हुआ ईठा का गाना 'जी जी रे जी'
श्रद्धा कपूर की फिल्म 'ईठा' का नया गाना रिलीज, फैंस को पसंद आया सुरों का जादू
Instagram
नई दिल्ली:

अभिनेत्री श्रद्धा कपूर अपनी आने वाली फिल्म 'ईठा' के गाने 'जी जी रे जी' गाना रिलीज हो गया है. इस गाने में वो लावणी करती नजर आ रही हैं. श्रेया घोषाल की आवाज में सजे इस गाने को 64 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. इस गाने में  श्रद्धा कपूर ने महाराष्ट्र के पारंपरिक डांस फॉर्म लावणी किया है. उन्होंने इस डांस को सीखा और उसकी बारीकियों को समझने की कोशिश की. श्रद्धा ने इसे अपने लिए बेहद रोमांचक अनुभव बताया. उनका कहना है कि लावणी की लय, हाव-भाव और ऊर्जा ऐसी है, जो सीधे दर्शकों से जुड़ती है, हालांकि इस गाने के जरिए एक दिग्गज कलाकार की दुनिया में कदम रखना उनके लिए जितना खास था, उतना ही चुनौतीपूर्ण भी रहा.

गाने के पीछे है खास कहानी 

श्रद्धा कपूर ने गाने को लेकर कहा, ''ईठा के किरदार में 'जी जी रे जी' पर परफॉर्म करना मेरे लिए बेहद रोमांचक अनुभव रहा. लावणी में कुछ ऐसा है, जो आपको तुरंत अपनी ओर खींच लेता है. इसकी लय, हाव-भाव, ऊर्जा और दर्शकों से जुड़ने का अंदाज बहुत खास है. मुझे इस गाने के जरिए एक महान कलाकार की दुनिया में कदम रखना बहुत अच्छा लगा, लेकिन इसे लेकर मन में डर भी था.'' उन्होंने कहा, ''इस गाने के पीछे एक बहुत खास कहानी है, जो उस महान कलाकार की जिंदगी में एक बड़ा मोड़ लेकर आती है. मुझे उम्मीद है कि दर्शक इस गाने के जरिए उस कहानी को पर्दे पर उतारने के लिए की गई हमारी मेहनत को महसूस कर पाएंगे.''

श्रेया घोषाल की आवाज 

फिल्म के म्यूजिक को तैयार करने वाले मशहूर संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल ने बताया कि 'ईठा' जैसी फिल्म में संगीत सिर्फ बैकग्राउंड तक सीमित नहीं रह सकता. उसे किरदारों, कहानी की दुनिया और भावनाओं का हिस्सा बनना जरूरी है. उन्होंने कहा, ''ईठा के मंच पर दर्शकों ने उस कलाकार का जो रूप देखा, उसके पीछे बहुत कुछ था. वह बेहद मजबूत, गरिमामयी और जिंदादिल कलाकार थीं. 'जी जी रे जी' के जरिए हम उनकी इसी ताकत को एक प्रभावशाली और सिनेमाई अंदाज में दिखाना चाहते थे. साथ ही, हम लावणी की पारंपरिक पहचान को भी बनाए रखना चाहते थे.''

ये भी पढ़ें: देशभर में 'या अली' से मिली पहचान, लेकिन असम की मिट्टी से कभी दूर नहीं हुए जुबिन गर्ग

अजय-अतुल ने गाने की पूरी टीम की तारीफ करते हुए कहा, ''अमिताभ भट्टाचार्य के शानदार बोलों ने कंपोजिशन को और खूबसूरत बना दिया, जबकि श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज से गाने में जबरदस्त ऊर्जा और किरदार भर दिया. श्रद्धा कपूर ने लावणी के हर अंदाज और हर अदा को सही तरीके से सीखने के लिए काफी मेहनत की है. यह पूरी टीम की कोशिशों का नतीजा है और मुझे उम्मीद है कि दर्शक भी इस गाने को उतना ही पसंद करेंगे, जितना इसे बनाते समय टीम ने एंजॉय किया.''

वैभवी मर्चेंट ने कोरियोग्राफ किया गाना

गाने की कोरियोग्राफी को लेकर वैभवी मर्चेंट ने कहा, ''एक कलाकार के मंच पर आने से पहले उसकी जिंदगी में कई संघर्ष, भावनाएं और चुनौतियां होती हैं. लेकिन जैसे ही वह मंच पर कदम रखता है, तो सब कुछ पीछे छोड़कर दर्शकों के साथ एक हो जाता है. 'जी जी रे जी' की कोरियोग्राफी तैयार करते समय इसी भावना को केंद्र में रखा गया है.''

उन्होंने श्रद्धा की तारीफ करते हुए कहा, ''अभिनेत्री ने पूरे समर्पण और ऊर्जा के साथ डांस के हर छोटे-बड़े अंदाज को अपनाया है. अजय-अतुल के संगीत ने भी कोरियोग्राफी को शानदार लय और ऊर्जा दी, जिससे ईठा की दुनिया को संगीत और डांस के जरिए जीवंत करना आसान हुआ. फिल्म के निर्देशक लक्ष्मण उतेकर के साथ काम करने का अनुभव शानदार था. लक्ष्मण बेहतरीन फिल्ममेकर होने के साथ-साथ बहुत अच्छे इंसान भी हैं. उनका जुनून, गर्मजोशी और हर कलाकार से उसका बेहतरीन काम निकलवाने की क्षमता उन्हें खास बनाती है.''

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shraddha Kapoor, Eetha Song, Shreya Ghosal Hit Songs, Bollywood, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com