पंचायत सीरीज में कई ऐसे कैरेक्टर हैं, जिन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया. इसमें बिनोद, बनराकस, प्रहलाद चा और सचिव जी का नाम शामिल है. इन्हीं में से गंजेड़ी मास्टरजी भी हैं, जिनके छोटे से किरदार ने फैंस के बीच छाप छोड़ी. हालांकि अब इस किरदार को निभाने वाले एक्टर शाशी वर्मा डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभालने वाले हैं. वहीं इसमें उनका साथ देंगे मिर्जापुर के गुड्डू भैया यानी अली फजल और फुकरे की भोली पंजाबन यानी ऋचा चड्ढा. बॉलीवुड की चर्चित एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा और एक्ट्रेस अली फजल इंडस्ट्री के पसंदीदा कपल्स में गिने जाते हैं. शादी के बाद दोनों कभी किसी एक फिल्म में नजर नहीं आए. अब पहली बार दर्शकों को यह मौका मिलने जा रहा है. ऋचा और अली जल्द ही अभिनेता, लेखक और निर्देशक शाशी वर्मा की दिल्ली की पृष्ठभूमि पर आधारित एक सिचुएशनल कॉमेडी फिल्म में साथ दिखाई देंगे.
ऋचा चड्डा ने कही ये बात
आईएएनएस से बात करते हुए ऋचा चड्ढा ने कहा, "फिल्म की कहानी ने मुझे शुरुआत से ही आकर्षित किया. यह रोजमर्रा की जिंदगी की छोटी-छोटी परिस्थितियों से हास्य पैदा करती है. सबसे खास बात यह है कि हंसी के बीच फिल्म समाज के बारे में एक महत्वपूर्ण बात भी कहती है. दिल्ली पर आधारित कहानी में वापसी करना मेरे लिए कई प्यारी यादें भी लेकर आया, क्योंकि मेरी शुरुआती स्कूली पढ़ाई वहीं हुई है. अली और मैं पहले भी फिल्मों में नजर आ चुके हैं, लेकिन पर्दे पर इस तरह के रिश्ते को हमने कभी नहीं निभाया. अली बहुत सहज कलाकार हैं और मैं इस नई ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को लेकर उत्साहित हूं.

ये भी पढ़ें- जियो हॉटस्टार की वो क्राइम थ्रिलर सीरीज, 8.5 मिली है IMDb पर रेटिंग, हर एपिसोड पर खड़े हो जाएंगे रोंगटे
अली फजल ने जताई खुशी
अली फजल ने भी इस फिल्म को लेकर अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा कि असली कॉमेडी वही होती है, जो वास्तविक लोगों और उनकी रोजमर्रा की जिंदगी से निकलकर आती है, न कि बढ़ा-चढ़ाकर दिखाए गए किरदारों से. अली ने कहा, "कॉमेडी सबसे अच्छी तब लगती है, जब वह वास्तविक लोगों से जुड़ी हो. इस फिल्म की सबसे खास बात यह है कि हर किरदार में कमियां, अलग-अलग आदतें और भावनात्मक सच्चाई है. यही बात इसके हास्य को और ज्यादा असरदार बनाती है."
वाइफ के साथ काम करने को लेकर कही ये बात
उन्होंने आगे कहा, "ऋचा के साथ ऐसी कहानी में काम करना, जिसमें हम पहली बार एक-दूसरे के अपोजिट हैं, मेरे लिए बेहद खास है. इतने सालों से हम एक-दूसरे को पेशेवर तौर पर जानते हैं, लेकिन इस तरह साथ काम करने का मौका पहली बार मिला है. इसलिए यह अनुभव सचमुच रोमांचक है. निर्देशक जिस तरह रोजमर्रा की जिंदगी को बारीकी से देखते हैं और उसे सिनेमा में उतारते हैं, वह मुझे हमेशा पसंद आया है. उनके साथ काम करने का मौका मिला तो मैंने तुरंत हामी भर दी."
फुकरे में साथ काम कर चुके हैं अली और ऋचा
गौरतलब है कि ऋचा चड्ढा और अली फजल इससे पहले सुपरहिट 'फुकरे' फिल्म फ्रेंचाइजी में साथ नजर आ चुके हैं. हालांकि, उन फिल्मों में दोनों की जोड़ी नहीं दिखाई गई थी. यह पहली फिल्म होगी, जिसमें दोनों मुख्य किरदारों के रूप में एक-दूसरे के अपोजिट नजर आएंगे. सीनवर्क प्रोडक्शंस और गिरिराज प्रोडक्शंस के बैनर तले बनने वाली इस अनटाइटल्ड सिचुएशनल कॉमेडी में अभिनेता कुमुद मिश्रा भी अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे.
ये भी पढ़ें- मलाइका अरोड़ा का 28 साल पुराना गाना, वजन के चलते इस एक्ट्रेस की हाथ से छीना, कहा- फराह कहती हैं मैं 100 किलो थी
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं