बॉलीवुड में प्रेम कहानियों की कमी नहीं रही, लेकिन कुछ फिल्में अपनी अलग सोच और अनोखे विषय के कारण हमेशा याद की जाती हैं. ऐसी ही एक फिल्म थी ‘पहेली', जो साल 2005 में रिलीज हुई थी. अमोल पालेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शाहरुख खान, रानी मुखर्जी और अमिताभ बच्चन जैसे बड़े सितारे नजर आए थे. दिलचस्प बात यह है कि फिल्म की कहानी राजस्थान के प्रसिद्ध साहित्यकार विजयदान देथा की चर्चित कहानी ‘दुविधा' पर आधारित थी. फिल्म में शाहरुख खान ने दो किरदार निभाए थे. एक तरफ वह एक व्यापारी पति के रोल में थे, जबकि दूसरी ओर एक ऐसे भूत बने थे जो एक नवविवाहिता से प्यार कर बैठता है.
रानी मुखर्जी ने लाछी का किरदार निभाया था, जिसकी जिंदगी शादी के बाद एक अजीब मोड़ लेती है. फिल्म की खूबसूरत लोकेशन, रंगीन राजस्थानी संस्कृति और अलग कहानी ने दर्शकों का ध्यान खींचा था.
विजयदान देथा की कहानी से निकली थी ‘पहेली'
‘पहेली' की कहानी विजयदान देथा की मशहूर रचना दुविधा से प्रेरित थी. यह कहानी एक ऐसी महिला की है, जिसका पति शादी के तुरंत बाद व्यापार के लिए घर छोड़ देता है. इसी दौरान एक भूत पति का रूप धारण कर उसके साथ रहने लगता है. धीरे-धीरे दोनों के बीच भावनात्मक रिश्ता बन जाता है. फिल्म ने इस लोककथा को आधुनिक सिनेमाई अंदाज में पेश किया.

अमोल पालेकर ने कहानी की मूल भावना को बरकरार रखते हुए इसे बड़े पर्दे पर शानदार तरीके से उतारा. फिल्म में राजस्थान की लोक संस्कृति, संगीत और परंपराओं को भी खूबसूरती से दिखाया गया था. यही वजह रही कि इसे देश ही नहीं, विदेशों में भी सराहना मिली. फिल्म भारत की ओर से ऑस्कर के लिए आधिकारिक एंट्री भी बनी थी.
शाहरुख और अमिताभ के बीच दिखी दिलचस्प टक्कर
फिल्म में अमिताभ बच्चन का रोल भले ही छोटा था, लेकिन उनकी मौजूदगी ने कहानी को खास बना दिया. अमिताभ ने फिल्म में एक गड़रिये की भूमिका निभाई थी, जो भूत की पहेली सुलझाने में अहम भूमिका निभाता है. वहीं शाहरुख खान ने अपने डबल रोल से दर्शकों को प्रभावित किया.
बॉक्स ऑफिस की बात करें तो लगभग 14 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में करीब 32 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. हालांकि यह उस दौर की बड़ी ब्लॉकबस्टर नहीं थी, लेकिन इसकी कहानी, अभिनय और प्रस्तुति को खूब सराहा गया. आज भी ‘पहेली' को हिंदी सिनेमा की सबसे अनोखी और यादगार प्रेम कहानियों में गिना जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं