विज्ञापन

मीना कुमारी की बॉडी डबल थीं ये एक्ट्रेस, भोजपुरी फिल्मों में बनाया दबदबा, रामानंद सागर की रामायण से बदली किस्मत

एक मुलाकात ने रामानंद सागर की रामायण की 'कैकेयी' की किस्मत बदल दी, जब वैजयंती माला ने पद्मा खन्ना को ये सलाह दी.

मीना कुमारी की बॉडी डबल थीं ये एक्ट्रेस, भोजपुरी फिल्मों में बनाया दबदबा, रामानंद सागर की रामायण से बदली किस्मत
रामानंद सागर की कैकेयी के रोल में छाईं पद्मा खन्ना
नई दिल्ली:

भारतीय सिनेमा के इतिहास में कई ऐसी अभिनेत्रियां रही हैं, जिन्होंने अपनी खूबसूरती, डांस और अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई. 70 और 80 के दशक में ऐसी ही एक कलाकार थीं पद्मा खन्ना. वह न सिर्फ फिल्मों में अपनी अदाकारी के लिए मशहूर रहीं, बल्कि टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक 'रामायण' में रानी कैकेयी के किरदार से घर-घर में पहचानी जाती थीं. बहुत कम लोग जानते हैं कि उनके फिल्मी सफर की शुरुआत करने की प्रेरणा मशहूर अभिनेत्री वैजयंती माला थीं, जिन्होंने पद्मा का डांस देखकर उन्हें फिल्मों में किस्मत आजमाने की सलाह दी थी और यही छोटी सी सलाह आगे चलकर उनके जीवन का बड़ा मोड़ साबित हुई.

12 साल की उम्र में स्टेज पर करने लगी थीं परफॉर्म

Latest and Breaking News on NDTV

पद्मा खन्ना का जन्म 10 मार्च 1949 को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में हुआ था. बचपन से ही उन्हें नृत्य में गहरी दिलचस्पी थी. महज 7 साल की उम्र में उन्होंने प्रसिद्ध कथक गुरु बिरजू महाराज से कथक की ट्रेनिंग लेना शुरू कर दिया था और लगभग 12 साल की उम्र में स्टेज पर परफॉर्म करने लगी. उनके डांस को देखने के लिए लोग उत्साहित रहते थे.

ये भी पढे़ं- रामायण का विभीषण बन भाई रावण को दिया था धोखा, 10 साल पहले रेलवे ट्रैक पर मिली थी लाश, दर्दनाक मौत अभी भी है रहस्य

वैजयंती माला की पड़ी थी पद्मा खन्ना पर नजर

Latest and Breaking News on NDTV

इसी दौरान एक कार्यक्रम में मशहूर अभिनेत्री वैजयंती माला की नजर पद्मा खन्ना पर पड़ी. वह खुद भी शास्त्रीय नृत्य में माहिर थीं और प्रतिभा को पहचानने की क्षमता रखती थीं. उन्होंने पद्मा का डांस देखकर उन्हें फिल्मों में अपना करियर बनाने की सलाह दी. इस सलाह के चलते ही उन्होंने फिल्मों में आने का फैसला किया और अभिनय की दुनिया में कदम रखा. 

भोजपुरी फिल्मों में बनाया दबदबा

Latest and Breaking News on NDTV

पद्मा खन्ना ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत भोजपुरी फिल्म 'गंगा मैया तोहे पियरी चढ़इबो' से की। उस समय उनकी उम्र लगभग 14 साल थी. यह फिल्म भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय फिल्मों में गिनी जाती है. इसके बाद उन्होंने कई भोजपुरी फिल्मों में काम किया और धीरे-धीरे इस इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना ली. 'बिदेसिया', 'बलम परदेसिया', 'धरती मइया', और 'भैया दूज' जैसी फिल्मों में उनके काम को काफी पसंद किया गया.

मीना कुमारी की बॉडी डबल थीं पद्मा खन्ना

Latest and Breaking News on NDTV

हिंदी सिनेमा में पद्मा खन्ना को असली पहचान तब मिली जब उन्हें देवानंद की फिल्म 'जॉनी मेरा नाम' में डांस नंबर करने का मौका मिला। इस फिल्म में उन पर फिल्माया गया गाना 'हुस्न के लाखों रंग' काफी लोकप्रिय हुआ और वह अचानक चर्चा में आ गईं। इसके बाद उन्हें कई फिल्मों में डांसर के रूप में काम मिलने लगा. उन्होंने 'पाकीजा' में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और इस फिल्म के कुछ डांस सीक्वेंस में अभिनेत्री मीना कुमारी की बॉडी डबल के रूप में भी काम किया. 

ये भी पढे़ं- OSCAR 2026: ऑस्कर में जब बीच एंकर ने किया था सुपरस्टार की बीवी पर मजाक, स्टेज पर आकर एक्टर ने जड़ दिया तमाचा

रामायण की कैकेयी का ठुकराया था किरदार

Latest and Breaking News on NDTV

पद्मा खन्ना के करियर का एक और अहम पड़ाव फिल्म 'सौदागर' रही, जिसमें वह महानायक अमिताभ बच्चन के साथ नजर आईं. इस फिल्म का गाना 'सजना है मुझे सजना के लिए' उस दौर का बेहद लोकप्रिय गाना बना. धीरे-धीरे वह हिंदी और भोजपुरी दोनों फिल्म इंडस्ट्री में एक जानी-मानी अभिनेत्री बन गईं और अपने डांस के लिए खास तौर पर पहचानी जाने लगीं. फिल्मों के बाद पद्मा खन्ना ने टीवी में भी काम किया. निर्माता-निर्देशक रामानंद सागर ने उन्हें अपने प्रसिद्ध धारावाहिक 'रामायण' में रानी कैकेयी की भूमिका के लिए चुना. शुरुआत में उन्होंने यह किरदार करने से मना कर दिया था, क्योंकि वह नकारात्मक भूमिका नहीं निभाना चाहती थीं, लेकिन बाद में रामानंद सागर के समझाने पर वह मान गईं. यह किरदार इतना लोकप्रिय हुआ कि वह देश के लगभग हर घर में पहचानी जाने लगीं. 

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com