मराठी फिल्म और टेलीविजन जगत के उभरते अभिनेता तुषार घाडीगांवकर (34) ने शुक्रवार (20 जून) की रात आत्महत्या कर ली. घटना के समय उनके घर पर कोई नहीं था. अपने ही घर में उन्होंने पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. जानकारी के अनुसार तुषार के फोन का जवाब ना मिलने पर उनके पड़ोसियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. जब स्थिति संदिग्ध लगी तो पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर घर में घुसने की कोशिश की. अंदर का दृश्य भयावह था, तुषार का शव पंखे से लटकता हुआ मिला. इसके बाद तुरंत गोरेगांव पुलिस स्टेशन को सूचित किया गया.
गोरेगांव पुलिस ने एडीआर (एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस के अनुसार, तुषार पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और काम की कमी से जूझ रहे थे. पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हो रहा है कि तुषार काम न मिलने और आर्थिक समस्याओं के कारण गहरे तनाव में थे. इसी तनाव की वजह से उनके आत्मघाती कदम उठाने की संभावना है. परिवार ने किसी भी तरह की साजिश या जबरदस्ती की संभावना से साफ इनकार किया है.
पुलिस ने तुषार की पत्नी और पिता के बयान भी दर्ज किए हैं. दोनों ने पुलिस को बताया कि तुषार पिछले कुछ समय से चुपचाप और परेशान रहते थे, लेकिन उन्हें इस कदम की कोई आशंका नहीं थी. पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट या अन्य संदिग्ध सामग्री नहीं मिली है. तुषार के मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है ताकि किसी और एंगल की पुष्टि की जा सके.
तुषार ने मराठी सिनेमा और टीवी सीरियल्स में अपने अभिनय से खास पहचान बनाई थी. उनके आकस्मिक निधन की खबर से मराठी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है. सोशल मीडिया पर सह-कलाकारों और प्रशंसकों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. इसी बीच इस घटना से मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर विमर्श फिर शुरू हो गया है.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)| Helplines | |
|---|---|
| Vandrevala Foundation for Mental Health | 9999666555 or help@vandrevalafoundation.com |
| TISS iCall | 022-25521111 (Monday-Saturday: 8 am to 10 pm) |
| (If you need support or know someone who does, please reach out to your nearest mental health specialist.) | |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं