NDTV Creators' Manch : हाल ही में NDTV के इवेंट 'क्रिएटर्स मंच' में मशहूर गीतकार और लेखक Manoj Muntashir Shukla ने शिरकत की. कार्यक्रम में मनोज मुंतशिर ने अपने लेखन के सफर, संघर्ष, प्रेम, आलोचना और बदलते दौर में साहित्य की भूमिका पर खुलकर बात की. बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी शायरी, किस्से और अनुभव साझा करते हुए दर्शकों को भावुक और प्रेरित किया.
श्रोताओं को बताया अपनी ताकत
मनोज मुंतशिर ने कहा कि उनके सामने बैठे लोग सिर्फ श्रोता नहीं, बल्कि उनकी ताकत हैं. उन्होंने कहा कि तीस साल के लेखन करियर में उन्होंने यही सीखा है कि लिखना जितना महत्वपूर्ण नहीं है, उससे कहीं ज्यादा जरूरी अपने श्रोताओं को ढूंढना है.
बातचीत के दौरान मनोज मुंतशिर ने फिल्मों के गीतों के पीछे की दिलचस्प कहानियां भी सुनाईं. उन्होंने बताया कि फिल्म M.S. Dhoni: The Untold Story का मशहूर गीत “कौन तुझे यूं प्यार करेगा…” दरअसल उनके घर के एक छोटे से पारिवारिक पल से जन्मा था. इस गाने की लाइन उनके बेटे के साथ बातचीत के बाद आया था. उन्होंने कहा कि कई बार जिंदगी के साधारण अनुभव ही बड़े गीतों की प्रेरणा बन जाते हैं.
‘टूटना जरूरी होता है'
अपने शुरुआती दिनों का जिक्र करते हुए उन्होंने अपनी पहली अधूरी मोहब्बत का किस्सा भी सुनाया. उनका कहना था कि रचनात्मकता के लिए दर्द और संघर्ष जरूरी होते हैं. उन्होंने कहा, “जब परमाणु टूटते हैं तो ऊर्जा पैदा होती है, वैसे ही जब दिल टूटता है तो भी ऊर्जा पैदा होती है. अब उस ऊर्जा से आप क्या बनाते हैं—बिजली या बम—ये आपके ऊपर है.”
एआई और इंस्टा-पोएट्री पर राय
आज के डिजिटल दौर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर भी मनोज मुंतशिर ने अपनी राय रखी. उनका कहना था कि तकनीक चाहे जितनी आगे बढ़ जाए, असली भावनाओं की जगह कोई नहीं ले सकता. उन्होंने युवाओं को सलाह देते हुए कहा कि अच्छा लिखने के लिए पहले बहुत पढ़ना जरूरी है.
जड़ों से जुड़ाव
अपने गांव Gauriganj का जिक्र करते हुए मनोज मुंतशिर भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि लोग उन्हें ‘सेल्फ-मेड' कहते हैं, लेकिन उनका मानना है कि कोई भी व्यक्ति अकेले नहीं बनता. उनकी हर संवेदना और प्रतिभा उनके गांव की देन है.
नए शो “राधा से रणभूमि तक” की चर्चा
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने अपने नए मंचीय शो Radha Se Ranbhoomi Tak के बारे में भी बताया. यह प्रस्तुति भगवान Krishna के जीवन और दर्शन पर आधारित है. उन्होंने बताया कि कृष्ण पर उपलब्ध साहित्य की करीब 54 किताबें पढ़ने के बाद यह विचार जन्मा और अब यह शो देश के अलग-अलग शहरों में प्रस्तुत किया जा रहा है.
बॉर्डर 2 के गाने पर बोले मनोज मुंतशिर
कार्यक्रम के दौरान मनोज मुंतशिर ने बताया कि फिल्म Border का गाना गीतकार Javed Akhtar ने लिखा था, जिसका संगीत Anu Malik ने तैयार किया था. उन्होंने कहा कि फिल्म की परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें उसी भाव को ध्यान में रखते हुए नया गीत लिखना पड़ा, लेकिन उस गाने पर उनका कोई क्लेम नहीं है. उन्होंने कहा, “मैं जिंदगी भर कहता रहूंगा कि वो गाना जावेद अख्तर साहब का था. उस पर मेरा क्लेम बिल्कुल शून्य है. फिल्म की सिचुएशन अलग थी, इसलिए मुझे नया गीत लिखना पड़ा.”
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं