बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुए फायरिंग के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. इस घटना के असर में ऑल स्टार्स फुटबॉल क्लब (एएसएफसी) ने अपने नियमित फुटबॉल प्रैक्टिस सेशन फिलहाल रोक दिए हैं. क्लब तब तक प्रैक्टिस शुरू नहीं करेगा, जब तक उचित सुरक्षा व्यवस्था नहीं हो जाती. 18 अक्टूबर को जुहू के जमनाबाई नरसी स्कूल ग्राउंड के बाहर टाइगर श्रॉफ पर हमला हुआ था. घटना के एक हफ्ते बाद 25 अक्टूबर को होने वाली प्रैक्टिस मैच भी रद्द कर दी गई.
क्लब के मालिक बंटी वालिया का बयान
क्लब के मालिक बंटी वालिया ने सभी ट्रेनिंग सेशन स्थगित करने का फैसला लिया है. उन्होंने एनडीटीवी को बताया, “सभी सेशन रोक दिए गए हैं. जब तक हम अपनी सुरक्षा व्यवस्था ठीक नहीं कर लेते, तब तक यही सही कदम है.”
एएसएफसी में कई फिल्मी सितारे शामिल हैं. इनमें अभिषेक बच्चन, रणबीर कपूर और कार्तिक आर्यन जैसे नाम शामिल बताए जाते हैं. क्लब अब सुरक्षा बढ़ाने के उपाय सोच रहा है. संभावना है कि भविष्य में प्रैक्टिस सेशन को पैपराजी की नजरों से दूर रखा जाएगा. मैच की तारीख और जगह पहले से सार्वजनिक रूप से नहीं बताई जाएगी, ताकि अनावश्यक भीड़ और ध्यान न बढ़े.
क्या हुई थी घटना
पुलिस के अनुसार घटना करीब शाम 7 बजे हुई. टाइगर फुटबॉल सेशन खत्म करने के बाद पुष्पा पार्क से अपनी गाड़ी में बैठने वाले थे. तभी तीन लोग मोटरसाइकिल पर आए और कथित तौर पर फायरिंग कर दी. टाइगर खुद बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर फिरदौस और एक अन्य स्टाफ सदस्य उमेश चव्हाण घायल हो गए. दोनों का इलाज चल रहा है. मुंबई पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. कई टीमें बनाई गई हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. हमलावरों की पहचान और मकसद पता लगाने की कोशिश जारी है.
यह भी पढ़ें | टाइगर श्रॉफ ने ₹9 करोड़ में बेचा लग्जरी अपार्टमेंट, मिला करोड़ों का प्रॉफिट; फायरिंग घटना के 4 दिन बाद हुई डील
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं