ली सांग-बो के निधन की खबर ने मनोरंजन जगत को झकझोर दिया है. 44 वर्षीय अभिनेता का शव दक्षिण कोरिया के प्योंगटेक स्थित उनके घर में मिला. स्थानीय पुलिस के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 12:40 बजे एक परिवार के सदस्य ने उन्हें घर पर मृत पाया. शुरुआती जांच में किसी तरह की साजिश या आपराधिक गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन मौत के असली कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है. इस खबर के सामने आते ही फैंस और इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है और सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है.
एजेंसी का बयान और अंतिम संस्कार की जानकारी
ली सांग-बो की एजेंसी कोरिया मैनेजमेंट ग्रुप (KMG) ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए आधिकारिक बयान जारी किया. एजेंसी ने कहा कि परिवार की इच्छा के अनुसार मौत के कारण का खुलासा नहीं किया जाएगा. साथ ही उन्होंने मीडिया और फैंस से अपील की कि वे परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करें और अनावश्यक कवरेज या विजिट से बचें. अभिनेता का अंतिम संस्कार 29 मार्च को सुबह 10:30 बजे प्योंगटेक के जंगआंग फ्यूनरल होम में किया जाएगा. उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए वहीं रखा जाएगा. परिवार और करीबी लोग इस कठिन समय में गोपनीयता बनाए रखना चाहते हैं.
ड्रग केस विवाद और करियर की वापसी
ली सांग-बो का नाम साल 2022 में एक कथित ड्रग केस में सामने आया था, जिसने उनके करियर को बड़ा झटका दिया था. उस समय उन्हें सार्वजनिक जगह पर असामान्य व्यवहार के चलते हिरासत में लिया गया था. हालांकि बाद में नेशनल फॉरेंसिक सर्विस की जांच में उनके शरीर में किसी भी अवैध ड्रग्स की पुष्टि नहीं हुई. जांच में यह साफ हुआ कि उनकी हालत डॉक्टर द्वारा दी गई दवाओं, जैसे एंटीडिप्रेसेंट और ट्रैंक्विलाइज़र के कारण थी, जिन्हें वह निजी दुख के बाद ले रहे थे. इसके बाद उन्हें सभी आरोपों से क्लीन चिट मिल गई थी.
1981 में जन्मे ली सांग-बो ने 2006 में अपने करियर की शुरुआत की और “Miss Monte-Cristo” और “The Elegant Empire” जैसे शोज से पहचान बनाई. 2023 के बाद वह अपने करियर को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे थे और 2025 में KMG के साथ नया कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं