विज्ञापन

Krishnavataram Trailer: रणबीर कपूर की ‘रामायण’ से पहले सिनेमाघरों में दिखेगी कृष्ण की लीला, रिलीज हुआ कृष्णावतारम का ट्रेलर

रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर इन दिनों जबरदस्त चर्चा है, लेकिन भगवान राम से पहले दर्शकों को बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी भगवान कृष्ण की दिव्य लीला.

Krishnavataram Trailer: रणबीर कपूर की ‘रामायण’ से पहले सिनेमाघरों में दिखेगी कृष्ण की लीला, रिलीज हुआ कृष्णावतारम का ट्रेलर
Krishnavataram Trailer: रणबीर कपूर की ‘रामायण’ से पहले सिनेमाघरों में दिखेगी कृष्ण की लीला

रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण' को लेकर इन दिनों जबरदस्त चर्चा है, लेकिन भगवान राम से पहले दर्शकों को बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी भगवान कृष्ण की दिव्य लीला.दरअसल, फिल्म ‘कृष्णावतारम' का ट्रेलर 15 अप्रैल को रिलीज किया गया है और ट्रेलर देखते ही यह साफ हो जाता है कि फिल्म मेकर्स इसे एक भव्य और आध्यात्मिक अनुभव बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे.यूं तो भगवान कृष्ण की कथाएं बड़े और छोटे पर्दे पर कई बार दिखाई जा चुकी हैं और लोग उन्हें सुनते-पढ़ते भी आए हैं, लेकिन ‘कृष्णावतारम' में उन प्रसंगों और कहानियों को सामने लाने की कोशिश की गई है, जिन्हें शायद ही दर्शकों ने पहले कभी इतने विस्तार से देखा या सुना हो.

ट्रेलर रिलीज से पहले मीडिया को दिखाई गई खास झलक

फिल्म के ट्रेलर रिलीज होने से कुछ घंटे पहले ही इसे मीडिया को एक विशेष स्क्रीनिंग में दिखाया गया था.दिलचस्प बात यह रही कि यह सिर्फ एक प्रमोशनल एक्टिविटी नहीं थी, बल्कि मेकर्स ने इसे भी पूरी श्रद्धा और भक्ति के माहौल में प्रस्तुत किया.

14 अप्रैल को हुई कृष्ण पूजा, आरती और भोग का आयोजन

ट्रेलर रिलीज से पहले 14 अप्रैल को फिल्म की टीम ने भगवान कृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना, आरती और भोग का आयोजन किया.इस दौरान माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक रहा, जहां भजन-कीर्तन के साथ श्रद्धालुओं ने इसे एक धार्मिक उत्सव की तरह मनाया.कहा जा रहा है कि फिल्म मेकर्स ने ट्रेलर लॉन्च से पहले यह सुनिश्चित किया कि यह पूरी प्रक्रिया भगवान कृष्ण को समर्पित एक आध्यात्मिक अर्पण के रूप में हो.

कृष्ण जन्मभूमि में हुआ ट्रेलर लॉन्च, बना आध्यात्मिक आयोजन

‘कृष्णावतारम' का ट्रेलर लॉन्च सिर्फ एक फिल्म इवेंट नहीं रहा, बल्कि यह एक भक्ति और श्रद्धा का महासंगम बन गया.ट्रेलर को कृष्ण जन्मभूमि में लॉन्च किया गया, जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुटे और माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंग गया.कहा जा रहा है कि ट्रेलर लॉन्च के दौरान वहां भजन-कीर्तन और जयकारों से ऐसा वातावरण बन गया, जैसे यह कोई सिनेमाई प्रमोशन नहीं बल्कि एक धार्मिक आयोजन हो.

वृंदावन के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचा ‘कृष्णावतारम' का संदेश

ट्रेलर लॉन्च की गूंज सिर्फ कृष्ण जन्मभूमि तक सीमित नहीं रही.यह आयोजन वृंदावन के कई प्रमुख धार्मिक स्थलों तक फैल गया, जिनमें शामिल रहे, रमन रेती मंदिर, राधा रानी मंदिर, प्रेम मंदिर और इस्कॉन वृंदावन. इन सभी जगहों पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और ‘कृष्णावतारम' का ट्रेलर एक तरह से भक्ति आंदोलन की शक्ल लेता नजर आया.

ट्रेलर देखकर साफ है—फिल्म भव्य भी है और भावनात्मक भी

ट्रेलर देखकर यही लगता है कि फिल्म सिर्फ स्केल पर नहीं, बल्कि भावनाओं और श्रद्धा पर भी बराबर फोकस करती है.मेकर्स ने भगवान कृष्ण, राधा और रुक्मिणी को उसी रूप में पेश करने की कोशिश की है, जैसा दर्शकों ने राजा रवि वर्मा और राजा राम मोहन जैसी प्रसिद्ध पेंटिंग्स में देखा है या फिर अपने मन में उनकी कल्पना की है.ट्रेलर में दिख रही विजुअल ग्रैंडनेस, मंदिरों की भव्यता, और कृष्ण की लीलाओं का सिनेमाई चित्रण इस बात का संकेत देता है कि यह फिल्म दर्शकों के लिए एक आध्यात्मिक अनुभव बन सकती है.

मेकर्स ने बताया- यह फिल्म श्रद्धालुओं के लिए एक ‘पवित्र अर्पण'

फिल्म के निर्माताओं का कहना है कि ‘कृष्णावतारम' को सिर्फ एक फिल्म के तौर पर नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के लिए एक पवित्र अर्पण के रूप में बनाया गया है.उनका मकसद केवल भव्यता दिखाना नहीं, बल्कि एक ऐसा अनुभव देना है जो दुनिया भर में कृष्ण भक्तों के दिलों तक पहुंचे.

दमदार टीम ने संभाली फिल्म की कमान

‘कृष्णावतारम' को लिखा है प्रकाश कपाड़िया और राम मोरी ने.फिल्म की सिनेमैटोग्राफी अयानंका बोस ने की है.संगीत प्रसाद एस का है, जबकि प्रोडक्शन डिजाइन चोक्कस भारद्वाज ने संभाला है.कॉस्ट्यूम डिजाइन निधि यशा की है और गीतों के बोल लिखे हैं इरशाद कामिल ने.फिल्म का म्यूजिक सारेगामा के तहत रिलीज किया जाएगा, जबकि इसे ग्लोबली डिस्ट्रीब्यूट करेगी AA Films.

तीन फिल्मों की फ्रेंचाइजी का पहला चैप्टर

‘कृष्णावतारम' को निर्देशक हार्दिक गज्जर ने निर्देशित किया है.फिल्म को प्रस्तुत और निर्मित किया है साजन राज कुरुप और शोभा संत (Creativeland Studios Entertainment) ने, साथ ही पूनम श्रॉफ और पार्थ गज्जर (Athasrikatha Motion Pictures) भी इसके निर्माता हैं. खास बात यह है कि ‘कृष्णावतारम' को तीन फिल्मों की फ्रेंचाइजी के पहले चैप्टर के तौर पर तैयार किया गया है.

7 मई 2026 को होगी वर्ल्डवाइड रिलीज

भव्यता और श्रद्धा से सजी यह फिल्म 7 मई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है.ट्रेलर के आधार पर कहा जा सकता है कि ‘कृष्णावतारम' सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक ऐसा सिनेमाई प्रयास है जो धर्म, संस्कृति और आस्था को बड़े पर्दे पर एक नई ऊंचाई देने का दावा कर रहा है.अब देखना दिलचस्प होगा कि जिस तरह ‘रामायण' को लेकर दर्शकों में उत्सुकता है, उसी तरह ‘कृष्णावतारम' भी अपनी आध्यात्मिक भव्यता और अनसुनी कथाओं के जरिए दर्शकों को किस हद तक बांध पाती है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com