विज्ञापन

किशोर कुमार का 70 साल पुराना आइकॉनिक गाना, 21 बार बच्चे, बूढ़े, औरत की आवाज में बदले थे सुर

फिल्म 'परिवार' के इस मशहूर गाने में किशोर कुमार ने 21 अलग-अलग आवाजों का इस्तेमाल किया था. उनकी ये अनोखी कला आज भी लोगों को हैरान कर देती है.

किशोर कुमार का 70 साल पुराना आइकॉनिक गाना, 21 बार बच्चे, बूढ़े, औरत की आवाज में बदले थे सुर
21 आवाजों वाला किशोर कुमार का गाना
नई दिल्ली:

बॉलीवुड में कई सिंगर आए और गए, लेकिन किशोर कुमार जैसा कलाकार शायद ही कोई दूसरा हुआ. वो सिर्फ गाते नहीं थे, अपनी आवाज से खेलते भी थे. उनकी गायकी में मस्ती थी, शरारत थी और कुछ ऐसा था जो लोगों को बार-बार सुनने पर मजबूर कर देता था. इसका सबसे मजेदार उदाहरण 1956 में आया एक गाना है. इस गाने को सुनते हुए कभी लगता है कोई बच्चा गा रहा है, कभी कोई बुजुर्ग, तो कभी कोई महिला. हैरानी की बात ये है कि ये सारी आवाजें किसी और की नहीं, बल्कि अकेले किशोर कुमार की थीं. एक ही गाने में उन्होंने 21 अलग-अलग आवाजों का इस्तेमाल कर ऐसा कमाल किया था, जिसकी चर्चा आज भी होती है.

जब गाने ने मचा दी थी धूम

ये दिलचस्प गाना साल 1956 में रिलीज हुई फिल्म 'परिवार' का था. गाने के बोल थे, 'कुंए में कूद के मर जाना, यार तुम शादी मत करना'. नाम सुनकर ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि गाना कितना मजेदार रहा होगा. रिलीज के बाद ये गाना तेजी से लोगों के बीच लोकप्रिय हो गया और उस दौर के सबसे अलग गानों में गिना जाने लगा.

ये भी पढे़ं- मनोज बाजपेयी, कंगना रनौत और दिलजीत दोसांझ की फिल्मों को फ्लॉप एक्टर ने किया ढेर, पहले दिन की बंपर कमाई

21 आवाजें और एक कलाकार

आज के समय में तकनीक की मदद से आवाज बदलना आसान है, लेकिन 1950 के दशक में ऐसा करना बड़ी बात थी. किशोर कुमार ने बिना किसी तकनीकी सहारे गाने में अलग-अलग किरदारों की आवाजें निकाली थीं. कभी वो मासूम बच्चे की तरह सुनाई देते हैं तो कभी किसी बुजुर्ग की तरह. कहीं उनकी आवाज में शरारत है तो कहीं मजाक. यही वजह है कि गाना सुनते हुए ऐसा लगता है जैसे पूरी टोली मिलकर गा रही हो.

किशोर कुमार की शरारती गायकी का नमूना

किशोर कुमार हमेशा कुछ नया करने के लिए जाने जाते थे. उनके गानों में अक्सर मस्ती और अनोखापन देखने को मिलता था. इस गाने में भी उन्होंने अपनी वही खास शैली दिखाई, जिसने इसे बाकी गानों से अलग बना दिया. मजेदार बोल और अलग-अलग आवाजों का मेल लोगों को खूब पसंद आया.

आज भी लोग सुनना पसंद करते हैं ये गाना

करीब 70 साल बीत जाने के बाद भी इस गाने का क्रेज कम नहीं हुआ है. पुराने गानों के शौकीन आज भी इसे बड़े चाव से सुनते हैं. खासकर जब बात किशोर कुमार की अनोखी प्रतिभा की होती है, तो ये गाना सबसे पहले याद किया जाता है. यही वजह है कि ये गाना आज भी उनके सबसे दिलचस्प और यादगार गानों में शामिल है.

ये भी पढ़ें- लगान को पूरे हुए 25 साल, देखें अब कैसी दिखती है पूरी कास्ट, भुवन की गौरी की सादगी पर फैंस हार बैठे दिल

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kishore Kumar, Kishore Kumar Song, Bollywood, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com