कंगना रानावत को उनकी नई फिल्म के लिए हीरो नहीं मिल पा रहा है और कुछ मिले भी, तो किसी न किसी कारण से फिल्म छोड़कर चले गए हैं। लिहाज़ा अब कंगना को उस वक्त तक इंतज़ार करना पड़ेगा, जब तक उन्हें कोई हीरो नहीं मिल जाता है।
दरअसल, रीमा कागती के निर्देशन में बनने वाली कंगना की इस फिल्म में पहले सैफ अली खान काम करने वाले थे, मगर सैफ ने इस फिल्म को छोड़ दिया। किसी ने कहा कि सैफ को किरदार कुछ खास नहीं लगा, तो किसी ने कहा कि फिल्म के निर्माता सैफ को उतने पैसे देने को तैयार नहीं हुए, जितना वह मांग रहे थे। वजह जो भी हो, मगर सैफ फिल्म से निकल गए है।
उसके बाद फिल्म में कंगना के साथ अर्जुन कपूर को लाने की कोशिश की गई, मगर अर्जुन ने भी फिल्म करने से इनकार कर दिया है। बताया जा रहा है कि फिल्म की कहानी और किरदार उन्हें अच्छा लगा। अर्जुन ने फिल्म को करने से इसलिए भी मना कर दिया, क्योंकि उनके पास अभी समय नहीं है।
फिल्म के निर्माता फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी इस फिल्म को मई में शुरू करना चाहते हैं, मगर अर्जुन मई के महीने में यशराज बैनर की फिल्म शुरू कर रहे हैं, जिसे शिमित अमीन डायरेक्ट करेंगे। लिहाज़ा अर्जुन ने यशराज बैनर के साथ जाने का फैसला कर लिया है, क्योंकि इसी बैनर ने अर्जुन को अभिनय की दुनिया में फिल्म 'इश्कज़ादे' के जरिये उतारा था।
वजह चाहे जो भी हो फिलहाल कंगना को अपनी नई फिल्म के लिए हीरो का इंतज़ार करना पड़ेगा और इस फिल्म के लिए यदि अर्जुन कपूर वापस आएंगे भी, तो कम से कम छह महीनों के बाद, क्योंकि अर्जुन ने यशराज की फिल्म के लिए मई से चार महीने की तारीख दे दी है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं